कासगंज (हि.स.)। आगरा बरेली हाईवे पर नदरई गोला कुआं के निकट अनियंत्रित इनोवा ने दो बाइकों पर सवार लोगों को रौंद दिया। फलस्वरूप दो वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग घायल हुए हैं। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया है। जबकि बालक के शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेजा गया है। कार पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार हो गया है।
ढोलना थाना क्षेत्र के ग्राम सेवर निवासी गंगा प्रसाद पुत्र यादकरन जिला एटा के थाना क्षेत्र मिरहची में स्थित अपनी ससुराल में वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने गया था। गुरुवार की दोपहर वह अपनी पत्नी लता एवं दो वर्षीय पुत्र मोहित के साथ बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहा था। उसके साथ ढोलना थाना क्षेत्र के नगला गोदी निवासी दिनेश पुत्र ओमप्रकाश एवं उसकी पत्नी रामप्यारी दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार थी। इनकी मोटरसाइकिलें जैसे ही गोला कुआं के निकट पहुंची, तभी अनियंत्रित इनोवा कार ने दोनों बाइकों को रौंद दिया। फलस्वरूप बालक मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लता, गंगाप्रसाद, रामप्यारी एवं दिनेश घायल हो गए। इन्हें पुलिस एवं क्षेत्रीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने चारों की हालत गंभीर देखते हुए गहन चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है। सीओ डीके पंत ने बताया इनोवा कार पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार हो गया है। बालक के शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुष्पेंद्र सोनी
