लखनऊ (हि.स.)। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बीच हुए अरोप-प्रत्यारोप के बाद सपा-भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गयी है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि अखिलेश खिसियाहट में सदन की गरिमा भी भूल गए हैं। वह अनर्गल बातें करके सदन का बहुमूल्य समय नष्ट कर रहे हैं। अगर अखिलेश सकारात्मक और जनहित की बात करें तो सरकार और जनता दोनों ही पसंद करेगी लेकिन ऐसा उनका चरित्र ही नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश कुछ भी बोलने से पहले यह विचार कर लें कि जनता ने उन्हें लगातार दो बार खारिज किया है।
सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने पिछले पांच साल में जो किया और अब दूसरी पारी में जो कर रही है उसका सबसे बड़ा कष्ट अखिलेश यादव को है। सपा सरकार में पाले गए गुंडों और माफिया का नाश करने का बीड़ा योगी सरकार ने उठाया जिसका सपा को छोड़कर पूरा प्रदेश वाही वाही कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश ने पांच साल झूठ और फरेब का संसार खड़ा किया और अब सदन में भी वह झूठ ही बोल रहे हैं। अखिलेश, इसको स्वीकार क्यों नहीं कर रहे हैं कि योगी के कार्यकाल में पिछले पांच साल में एक भी दंगा नहीं हुआ, जबकि अखिलेश के समय में 2012 से 2017 के बीच करीब एक हजार दंगे हुए थे।
बृजनन्दन
