घर के बाहर सोते समय वारदात
वाराणसी (हि.स.)। चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया डीह गांव में 50 वर्षीय एक सोखा की बदमाशों ने गला रेत कर हत्या कर दी और मौके से भाग निकले। शनिवार को घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नेहिया डीह गांव के ब्राह्मण बस्ती निवासी रामधनी दुबे पुत्र स्वर्गीय राम लखन दुबे झाड़ फूंक सोखागिरी का काम करते थे। शुक्रवार की देर शाम खाना खाकर रामधनी दुबे घर के बाहर सोने चले गये। सुबह दिन चढ़ने पर जब उनकी पत्नी जगाने गई तो रामलखन का खून से लथपथ शरीर देख सन्न रह गई। उनके रोने बिलखने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी जुट गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई । सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलवाया। पुलिस टीम ने घटना स्थल पर देर तक जांच पड़ताल की। घटना की जानकारी पर एडीसीपी मनीष शांडिल्य भी मौके पर पहुंच गये।
एडीसीपी ने घर वालों से देर तक पूछताछ की । इस दौरान मृतक के पुत्र अभिषेक दुबे ने आरोप लगाया कि मेरी बहन के ससुराल वालों से काफी दिन से बंटवारे को लेकर तनाव चल रहा था। बहन के ससुराल वाले लगातर पिता (रामधनी दुबे) को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। चोलापुर पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव वालों से भी मृतक के बारे में जानकारी ली जा रही है। शांति व्यवस्था बनी हुई है।
श्रीधर/बृजनंदन
