कानपुर(हि.स.)। केन्द्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार घर-घर नल से जल योजना के तहत कानपुर नगर के लगभग तीन लाख लोगों को शुद्ध जल मिलेगा। इसे पूरा करने के लिए पचास हजार घरों तक पाइप पहुंचाने के साथ एक-एक टोटी भी लगाएगा। जल निगम के 15वें वित्त आयोग से 35.68 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसी मद से सात अधूरे जोनल पंपिंग स्टेशन चालू कराए जाने की योजना है। इस संबंध में मंगलवार को जलकल के महाप्रबंधक के.पी.आनंद ने बताया कि उम्मीद है इस कार्य की शुरुआत सितम्बर माह से हो सकती है।
उन्होंने बताया कि शहर के सबसे घनी आबादी वाले मोहल्लों में जल निगम ने 393.93 करोड़ रुपये से गंगा बैराज में जल शोधन संयंत्र और पाइप लाइन बिछाने के साथ ही 36 जोनल पंपिंग स्टेशनों के निर्माण 2008 से 2016 के बीच कराया था। जिनमें से 17 जोनल पंपिंग स्टेशनों से ही लोगों को पानी मिल रहा है। लेकिन उस समय यहां तैनात रहे अधिकारियों की लापरवाही और घटिया कार्यों की वजह से अन्य निर्माण कार्य अधूरे ही रह गए।
हालांकि योगी सरकार आने पर अधूरे पड़े जोनल पंपिंग स्टेशन भैरोघाट स्थित मोहनलाल पार्क में स्थित दो जोनल पंपिंग स्टेशन, जूही शास्त्री पार्क, विष्णूपुरी, ट्रांसपोर्ट नगर और गोविंद नगर में नंदलाल चौराहे के पास जलकल परिसर में नवनिर्मित दो जोनल पंपिंग स्टेशन को चालू करने की पहल शुरू कर दी गई है।
सूत्रों की माने तो 15वें वित्त से प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। धन आवंटित होते ही टेंडर कराकर कार्य शुरू कराया जाएगा। संभावना है कि सितंबर महा तक कार्य शुरू हो जाने के बाद, छह माह में कार्य पूरा करने की योजना है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार तिवारी कहना है कि योजना को शुरू करने के लिए वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है। उम्मीद है कि इस माह बाद कार्य शुरू हो सकता है।
राम बहादुर/मोहित
