सुलतानपुर (हि.स.)। कोतवाली देहात में गोली मारकर अधिवक्ता आजाद की हत्या कर दी गई थी। उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने हत्यारों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई है। हत्यारोपित नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविवार देर शाम को थाना कोतवाली देहात के भूलकी में गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी। गोली लगने से इलाके में रहने वाले सलीम के अधिवक्ता पुत्र मोहम्मद आजाद और उसके भाई मुनव्वर को लगी थी। प्राथमिक इलाज के दौरान जहां आजाद को मृत घोषित कर दिया गया है तो वही मुनव्वर को इलाज के लिए चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर किया था। परिवार के मजरूब ने पुलिस को शुरुआती जानकारी में बताया कि यह घटना सिराज एवं उसके साथियों ने की है।
पुलिस की जांच के दौरान यह पता चला कि सिराज थाना कोतवाली नगर का हिस्ट्रीशीटर है तथा मुनव्वर और सिराज कई अपराध में सहअभियुक्त हैं। दोनों मिलकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। साथ-साथ यह भी जानकारी प्राप्त हुई की पीड़ित एवं आरोपित पारिवारिक रिश्तेदार हैं। रविवार की शाम को सिराज एवं उसके साथी भूलकी आए थे, जहां पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जिसमें गोली चली थी।
एसपी ने बताया कि इस घटना में हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगी हुई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई है, जल्द ही हत्यारें पकड़े जाएंगे।
दयाशंकर/दीपक/राजेश
