Saturday, March 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरे अधिवक्ता

अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरे अधिवक्ता

– नारेबाजी करते हुए निकाला जुलूस, नवागत जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

मुरादाबाद (हि.स.)। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को मुरादाबाद के अधिवक्ताओं ने दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के नेतृत्व में अधिवक्ता न्यायिक कार्य ठप कर जुलूस निकालकर नवागत जिलाधिकारी के माध्यम से अपना ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा। वकीलों ने इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आज के आंदोलन में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अलावा जिला बार, विभिन्न टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल रहे।

दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के अध्यक्ष अशोक सक्सेना, महासचिव अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में सभी अधिवक्ता सोमवार को हड़ताल पर रहे है। न्यायिक कार्य ठप कर अधिवक्ता बार एसोसिएशन परिसर में एकत्रित हुए और यहां से भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के सामने से होते हुए महिला थाना और पीलीकोठी चौराहा, जैन मंदिर, कमिश्नर कार्यालय के सामने से होकर नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कलेक्ट्र परिसर में भी अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को देने के लिए उनके कक्ष के सामने लगे बैरिकेड पर रुके। वकीलों का ज्ञापन लेने के लिए पहले अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह पहुंची। लेकिन अधिवक्ताओं ने उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के अलावा किसी और को ज्ञापन देने से मना किया।

इसके बाद वकील नारेबाजी करते हुए वहां धरने पर बैठ गए।। बार एसोसिएशन के महासचिव अभय कुमार सिंह और अन्य वकीलों ने हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने के दोषी पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों पर कारवाई करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में आदेश श्रीवास्तव, अमीरुल हसन, सुरेश चंद्र गुप्ता, आनंद मोहन गुप्ता, आदित्य श्रीवास्तव, प्रदीप सिन्हा, राकेश वशिष्ठ, विनीत भटनागर, सीता सैनी, पारुल अग्रवाल, मनीष प्रताप सिंह, सलीम अहमद, हरिशंकर आर्य, नासिर हुसैन, रमा पांडे, अशोक श्रीवास्तव, दिनेश चंद्र तिवारी, टीकाराम दिवाकर, सुभाष चंद्र, विशाल राठौर, आबिद हुसैन आदि अनेक बारों के पदाधिकारी व अधिवक्ता शामिल रहे।

अधिवक्ताओं ने की मांग: बार के महासचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि हमने मुख्यमंत्री से मांग की है कि हापुड़ के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक अविलंब स्थानांतरण किया जाए, दोषी पुलिस कर्मियों जिन्होंने बर्बरतापूर्वक लाठी चार्ज किया है और महिला अधिवक्ताओं को भी पीटने का काम किया है, उन पर मुकदमा दर्ज हो। प्रदेश में अधिवक्ताओं के खिलाफ पुलिस द्वारा मनगढंत झूठी कहानी बनाकर जो मुकदमें दर्ज किए गए हैं उन्हें वापस किया जाए। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट पारित कर तुरंत प्रदेश में लागू किया जाए। हापुड़ के घायल अधिवक्ताओं को तुरंत मुआवजा दिया जाए।

निमित जायसवाल/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular