Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअधिवक्ताओं की हड़ताल से कानपुर कचहरी में ठप रहा न्यायिक कार्य

अधिवक्ताओं की हड़ताल से कानपुर कचहरी में ठप रहा न्यायिक कार्य

– लखनऊ में थाने के अंदर से फर्जी वकील बार महामंत्री की उठा ले गये थे कार

कानपुर(हि.स.)। फर्जी वकीलों पर पुलिस द्वारा लगाम न लगाये जाने का आरोप लगाकर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को कानपुर कचहरी में हड़ताल कर दी। इससे न्यायिक कार्य पूरी तरह से ठप रहा और वादी व प्रतिवादी तारीख लेकर लौट गये।

लखनऊ में बार एसोसिएशन के महामंत्री की कार को कैसरबाग थाने के अंदर से फर्जी वकील उठा ले गये। इसको लेकर पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं की। इस पर नाराजगी जताते हुए लखनऊ बार एसोसिएशन ने विरोध किया।

इसका समर्थन सेंट्रल बार एसोसिएशन ने भी किया। इसी क्रम में कानपुर के अधिवक्ताओं ने भी विरोध जताया और मंगलवार को कचहरी में हड़ताल कर दी। इससे न्यायिक कार्य पूरी तरह से ठप रहा और वादी व प्रतिवादी परेशान रहे। हड़ताल को देखते हुए वादी व प्रतिवादी अपनी अगली तारीख लेकर चले गये।

कानपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश त्रिपाठी का कहना है कि फर्जी वकीलों की हरकत से वास्तविक वकीलों की बदनामी हो रही है। इस पर रोक के लिए कई बार विरोध जताया गया, लेकिन पुलिस फर्जी वकीलों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

महामंत्री अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि अधिवक्ताओं ने पुलिस के विरोध में नारेबाजी करते हुए बार एसोसिशन हॉल के बाहर प्रदर्शन भी किया। बताया कि सेंट्रल बार की तरफ से यह हड़ताल की गई है और कानपुर के अलावा सीतापुर, उन्नाव, कन्नौज, लखनऊ समेत अन्य जिलों में भी हड़ताल हुई है।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular