वाराणसी (हि.स.)। अदाणी समूह की कंपनियों पर लगे आरोपों के बहाने बुधवार को कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कचहरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य कार्यालय के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने धरना देकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले में केंद्र सरकार देश के सामने सच नहीं रखना चाहती इसलिए संसद में चर्चा से भाग रही है।
प्रयागराज जोन के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि केंद्र सरकार कथित घोटाले की जेपीसी से जांच कराए। साथ ही प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री इस संकट से उत्पन्न वित्तीय अनियमितताओं पर संसद में अपना बयान देकर निवेशकों को भरोसा दें। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश या संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के तहत एक निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और निवेशकों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए। धरना प्रदर्शन को जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने भी संबोधित किया।
धरना के समापन पर महानगर उपाध्यक्ष अजय सिंह शिवजी के बड़े भाई वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सिंह के निधन पर शोक जता दो मिनट का मौन रख कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
श्रीधर
