नई दिल्ली(हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट अतीक अहमद और अशरफ की बहन आयशा नूरी की याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। सुप्रीम कोर्ट आयशा नूरी की याचिका पर 3 जुलाई को सुनवाई करेगा।
आयशा ने अतीक और अशरफ की हत्या की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में आयोग का गठन करने की मांग की है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका पहले से दायर की जा चुकी है। वकील विशाल तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में कमेटी बना कर जांच की मांग की है। विशाल तिवारी की याचिका पर भी 3 जुलाई को सुनवाई होगी।
विशाल तिवारी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 28 अप्रैल को यूपी सरकार को हलफनामा दाखिल करने को कहा था। कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा था किन हालातों में हत्या हुई और हत्या के बाद क्या कदम उठाए गए। अतीक और अशरफ को पैदल परेड करते हुए मेडिकल के लिए क्यों हॉस्पिटल ले जाया गया था। यूपी सरकार को ये भी बताना है कि विकास दुबे एनकाउंटर की जांच के लिए गठित जस्टिस बीएस चौहान आयोग की रिपोर्ट के आधार पर क्या कदम उठाए गए।
15 अप्रैल की रात में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाते समय तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दोनों की हत्या कर दी थी। इससे पहले अतीक ने मार्च में अपनी हत्या की आशंका जताते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। अतीक ने आशंका जताई थी कि उसे गुजरात से यूपी ले जाते समय हत्या की जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करने से ये कहते हुए इनकार कर दिया था कि वो अब गुजरात से यूपी लाया जा चुका था। अतीक उमेश पाल हत्या मामले में आरोपित था।
संजय/पवन/सुनीत
