Thursday, April 2, 2026
Homeराष्ट्रीयअतिवृष्टि को दैवीय आपदा घोषित करे सरकार - मनजीत सिंह

अतिवृष्टि को दैवीय आपदा घोषित करे सरकार – मनजीत सिंह

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार अतिवृष्टि से किसानों की फसलों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। प्रदेश के कई जनपद बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। प्रशासन द्वारा बाढ़ ग्रस्त जनपदों में बचाव और राहत कार्य में शिथिलता बरती जा रही है। सरकार को इस आपदा से निपटने के लिए गंभीर होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों में जन सामान्य को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाए। बाढ़ के साथ-साथ मौसमी बीमारियां भी जोरों पर हैं। जिला चिकित्सालय में भारी भीड़ देखी जा रही है। ऐसी परिस्थिति में लोगों को आवश्यक उपचार मिले इस पर भी सरकार संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करे।

श्री सिंह ने किसानों का दुख बयां करते हुये कहा कि फसल बर्बादी का दुख बाराबंकी की तहसील हैदरगढ़ का एक किसान सहन नहीं कर पाया और आत्महत्या करने पर विवश हो गया। पशु तो पहले ही व्यापक बीमारियों से जूझ रहे हैं। वर्तमान समय में बाढ़ की वजह से टीकाकरण कराया जाना आवश्यक हो गया है। गन्ना किसानों की फसल पर अतिवृष्टि का व्यापक असर हुआ है तथा दलहनी व तिलहनी फसलें भी नष्ट हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरी की पूरी धान की फसल चौपट हो गयी है जिससे धान के किसानों की कमर टूट गयी। रालोद ने सरकार से मांग की है कि इसे दैवीय आपदा घोषित करते हुए किसानों की क्षतिग्रस्त हुई फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही असमय काल के गाल में समाये बाराबंकी के किसान के सभी कर्जों को माफ करते हुये उनके परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा के रूप में दिया जाय।

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular