सीओ बोले ,होगी विधिक कार्रवाई
झांसी(हि. स.)। नवाबाद थाना क्षेत्र में कचहरी से बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर गुजर रही इलेक्ट्रिक बस की सड़क पर अतिक्रमण किए ठेले में हल्की सी टक्कर लग गई। इस पर ठेला संचालक और उसके दर्जनों साथियों ने बस रोककर कंडक्टर और बस चालक को जमकर लाठी-डंडों से पीटा। घटना से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल चालक व उसके साथी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले में पुलिस मुकदमे की तैयारी में थी।
स्मार्ट सिटी के अंतर्गत नगर निगम द्वारा महानगर में चलाई जा रही इलेक्ट्रिक बस का चालक अमित सोनी निवासी कोछा भांवर अपने साथी कंडक्टर के साथ बस क्रमांक 93 सीटी 8342 में सवारियां लेकर कचहरी चौराहा से करीब एक बजे बस स्टैंड की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में खुशीपुरा चुंगी के पास पत्थर वाली गली के सड़क किनारे अतिक्रमण किए एक ठेले की छतरी में बस की टक्कर लग गई। इस पर ठेला संचालक और बस चालक में बहस हो गई। मुंहवाद से मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस पर वहां अवैध रूप से अतिक्रमण किए अन्य ठेला संचालक दर्जनों की संख्या में आ गए और बस चालक और कंडक्टर की लाठी-डंडों से जमकर मारपीट करने लगे। यह घटना देख राहगीरों में अफरा तफरी मच गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही नवाबाद थाना और सदर थाना का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और बस के घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। कर्मचारियों की तहरीर पर आरोपित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मुकदमे की तैयारी चल रही थी। इस संबंध में सीओ सिटी अवनीश गौतम ने बताया कि अभी तक मामले में तहरीर नहीं आई है। तहरीर आते ही मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महेश
