बुलंदशहर (हि.स.)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन के मौके पर रविवार को जिले में सुशासन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसको संबोधित करने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के लिए एक गौरव हैं। उनका संपूर्ण जीवन देश के लोगों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी ने स्वच्छ,पारदर्शी सुशासन देने का काम किया और समस्त भारतीय जनता पार्टी आज उनके बताए रास्ते पर चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि 1947 के बाद भारत का विभाजन नहीं हुआ है और राहुल गांधी को अपनी यात्रा ढाका, पेशावर या कराची से निकालनी चाहिए थी। राहुल गांधी को अब देश में कोई संज्ञान नहीं लेता है। प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की हमारी पूरी तैयारी है। कोर्ट का आदेश आने के बाद पार्टी चुनाव मैदान में उतर जाएगी। भूपेंद्र चौधरी ने भरोसा जताया कि पूर्व की भांति निकाय चुनाव में इस बार भी अच्छे परिणाम भाजपा के पक्ष में आएंगे। कार्यक्रम में सांसद डॉ. भोला सिंह, जिला प्रभारी सुनीता दयाल समेत सभी विधायक और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सचिन शर्मा
