Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअटल पथ पर अटल बिहारी वाजपेयी की 10 फीट की प्रतिमा स्थापित,...

अटल पथ पर अटल बिहारी वाजपेयी की 10 फीट की प्रतिमा स्थापित, अनावरण की तिथि का इंतजार

मुरादाबाद (हि.स.)। सिविल लाइंस स्थित डिफेंस चौराहा के पास बने अटल पथ पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 10 फीट की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। अटल प्रतिमा के अनावरण की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। जिसकी वजह से यह प्रतिमा अभी ढकी हुई है।

सिविल लाइंस थाना से पीएसी तिराहा तक की साइड पटरी को करीब एक साल पहले नगर निगम ने अटल पथ के रूप में विकसित किया है। इसी मार्ग पर सिविल डिफेंस चौराहे के पास अटल स्वागत द्वार बनाया गया है। साथ ही चौराहे के पास खाली स्थान पर बनाए गए ओपन जिम के पास पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया था।

उस दौरान नगर निगम की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी की छह फीट ऊंची प्रतिमा भी लगाई गई थी, लेकिन कुछ दिन बाद उसे छोटे कद की प्रतिमा बताकर हटा दिया था। अब उस स्थान पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की 10 फीट ऊंची प्रतिमा राजस्थान से बन कर आई है। मार्बल से तैयार इस प्रतिमा का वजह 5.50 क्विंटल है। अवर अभियंता शिवमोहन ने बताया कि करीब आठ लाख रुपये में यह बन कर तैयार हुई है। इस प्रतिमा को स्थापित करने का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अभी अनावरण की तिथि तय न होने के कारण इसे कपड़े से ढका गया है।

करीब आठ लाख रुपये लागत से बनाई गई इस प्रतिमा के अनावरण की तिथि तय करने में नगर निगम प्रशासन जुटा हुआ है। जल्द ही इसके अनावरण की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्रीय भाजपा पार्षद विनय राजोरिया ने बताया कि अटल घाट पर अटल प्रतिमा के शीघ्र अनावरण के लिए हम सभी पार्षद नवागत नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल से मिलेंगे।

डेढ़ वर्ष पूर्व मुरादाबाद नगर निगम द्वारा महानगर में थाना कटघर क्षेत्र में रामगंगा किनारे बने अटल घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की करीब 20 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जा चुका है।

निमित जायसवाल/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular