– दोनों आरोपितों को कोर्ट में किया गया पेश
– अम्बेडकर नगर से गिरफ्तार किया गया एक और आरोपित
लखनऊ (हि.स.)। अजीत सिंह हत्याकांड के दो आरोपितों को पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया है। इस मामले में पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने कहा कि आरोपित कुन्टू सिंह को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जायेगा। वहीं, हत्या के मामले में घायल शूटर की पहचान अलीगढ़ के राजेश तोमर के रुप में हुई है। वह बागपत के सुनील राठी गैंग का सदस्य बताया जा रहा है।
अजीत सिंह हत्याकांड के मामले में बुधवार को हत्यारोपी कुंटू सिंह और अखंड सिंह की कोर्ट में पेशी हुई। जहां दोनों को सीजेएम प्रशांत मिश्र की कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में आजमगढ़ जेल भेजा गया है। डॉ. एके सिंह ने कोर्ट को दिए बयान में वही बातें दोहराई हैं जो उन्होंने विभूतिखंड पुलिस से कही थीं।
मामले में पुलिस ने कोई पूछताछ नहीं की है। जबकि पुलिस कमिश्नर की ओर से यह कहा गया है कि इस मामले की तह तक जाने के लिए राजधानी पुलिस कोर्ट में आरोपितों को रिमांड में लेने की अर्जी डालेगी है। कोर्ट में वारंट बनवाया गया है।
अम्बेडकर नगर से गिरफ्तार हुआ एक आरोपित
अजीत हत्याकांड को लेकर कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने इसी मामले में चंदौली के संदीप सिंह बाबा को अम्बेडकर नगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बाबा कुख्यात अपराधी सुंदर भाटी गैंग का सदस्य है।
अंडरवर्ल्ड से जुडे तार
बीते छह जनवरी को विभूति खंड में अजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस दौरान शूटर राजेश तोमर के घायल होने की बात सामने आयी थी। राजेश तोमर भी इसी गैंग का सदस्य है। पुलिस इस मामले को अंडरवर्ल्ड से जोड़कर देख रही है। इस हत्या के मामले में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह और घायल शूटर का इलाज करने वाले सुल्तानपुर के डॉ. एके सिंह ने पुलिस पूछताछ में बताया कि धनंजय सिंह ने ही उन्हें फोन कर घायल शूटर के इलाज के लिए कहा था। अब पुलिस पूर्व संसद को नोटिस भेजकर जल्द पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में है।
Submitted By: Deepak Varun Edited By: Rajesh Kumar Tiwari
