Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअजय लल्लू ने गन्ना किसानों की समस्या-बकाये भुगतान को लेकर सुरेश राणा...

अजय लल्लू ने गन्ना किसानों की समस्या-बकाये भुगतान को लेकर सुरेश राणा को लिखा पत्र

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अतिवृष्टि के कारण गन्ना किसानों की फसल नष्ट हो जाने के चलते उन्हें आर्थिक मुआवजा देने तथा चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का बकाया भुगतान व उस पर ब्याज सहित भुगतान कराने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीन मिल के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा को पत्र लिखा है।
अजय लल्लू ने पत्र में लिखा है कि बड़े पैमाने पर गन्ना उत्पादक जिलों में अति वृष्टि से हुए जलभाव के चलते गन्ने की फसल सूखने की खबरें हैं, जिनको सरकारी सर्वेक्षण में भी सही माना गया है। लेकिन, अभी तक ऐसे प्रभावित किसानों केा सरकार द्वारा किसी भी तरह की मदद का आश्वासन नहीं दिया गया, जिसके चलते गन्ना किसान दोहरी मार झेलने के लिए अभिशप्त है क्योंकि एक तरफ उसे बकाये गन्ने का भुगतान अभी तक नहीं मिला और दूसरी तरफ अतिवृष्टि व रेडरौट बीमारी से उसकी फसल नष्ट हो गयी है।
उन्होंने कहा कि बन्द पड़ी चीनी मिलों के चलते गन्ना बेचने में किसानों को असुविधा होने व मिलों पर बकाये गन्ने के भुगतान, बकाये मूल्य पर ब्याज न मिलने व उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण गन्ने के बुआई के रकबे में लगातार कमी आ रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट व कर्ज में फंसता जा रहा है। इतना ही नहीं प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 से गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया है। जबकि किसानों की लागत दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने गन्ना किसानों को लेकर कैबिनेट मंत्री से सात्र सूत्रीय मांग अपने पत्र के माध्यम से की है। जिसमें प्रमुख रूप से बन्द पड़ी चीनी मिलों को चलाये जाने, सरकारी सर्वेक्षण में फसल के नुकसान का मुआवजा दिये जाने, गन्ने को कृषि फसल बीमा योजना में शामिल करने, गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति कुंतल किये जाने व विगत 2019 में न्यायालय में गन्ना आयुक्त द्वारा दिये गये शपथपत्र के अनुरूप गन्ना किसानों को तत्काल बकाया गन्ना मूल्य एवं बकाये गन्ना मूल्य पर ब्याज दिये जाने आदि बिन्दु शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular