लखनऊ(हि. स.)। आई एन डी आई ए गठबंधन से जुड़ी दो पार्टियों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में उत्तर प्रदेश के भीतर एक दूसरे पर तीखी टिप्पणियां की जा रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने मध्यप्रदेश में सपा की कोई हैसियत ना होने की बात कही तो उस पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को सलाह तक दे डाली।
माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सपा का एमपी में कोई जनाधार नहीं है। एक विधायक थे, वह भी चले गए। चुनाव के समय सपा को कांग्रेस का साथ देना चाहिए। भाजपा को हटाना है तो साथ में चुनाव लड़ना चाहिए।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अजय राय के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की कोई हैसियत नहीं है, ना वह पटना की मीटिंग में थे। न वह मुंबई की मीटिंग में थे, जो वह इंडिया गठबंधन के बारे में बोल रहे हैं। कांग्रेस के लोग भाजपा से मिले हुए हैं। मेरा मीडिया के माध्यम से कांग्रेस को सलाह है अपने चिरकुट नेताओं से सपा पर टिप्पणी न करवाए।
शरद/बृजनंदन
