-आसमान में छाए बादल, कुछ स्थानों पर हुई बारिश
कानपुर (हि.स.)। रविवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली और आसमान में घने बादलों ने अपना कब्जा जमा लिया। इसी के साथ तेज हवाएं चलने से लोगों ने अपने घरों की खिड़की और दरवाजे बंद कर लिए। आंधी की वजह से बिजली भी कुछ पलों के लिए गुल हो गई। कुछ स्थानों पर बारिश भी होने की खबरें आ रही है।
शनिवार रात को तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस गिर गया और वहीं दिन का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 72 घंटे तक कानपुर के आस-पास आंधी एवं बारिश की भी संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पाण्डेय ने बताया कि शनिवार रात का तापमान 24.8 से घटकर 19.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। एक ही झटके में 05.2 डिग्री पारा नीचे गिर गया, जबकि दिन के तापमान में 02.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि हो गई। अप्रैल माह के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज फिर बदल रहा है। दिन का तापमान 40 डिग्री होने के बाद पहले पारा 33.8 और फिर 36.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 03.6 डिग्री कम है। रात का तापमान करीब 1.2 डिग्री सामान्य से कम है। अभी रात-दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि शनिवार को धूप तो खिली लेकिन लू न चलने से स्थितियां सामान्य रहीं। रविवार दोपहर बाद हल्के बादल छाने से फिर राहत मिल गई। सुबह तेज लेकिन ठंडी हवाएं चलीं। 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं हवाओं से सुबह मौसम सुहाना रहा। उत्तर पूर्वी हवाओं के कारण यह लू में नहीं बदल सकीं। अभी हवा की दिशा यही बनी रहेगी।
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय कहना है कि आईएमडी ने 22 से 24 तक यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी संभव है। फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
राम बहादुर
