– काउंटिंग एजेंट की संतुष्टि महत्वपूर्ण, गणना से पूर्व ईवीएम की सील अवश्य दिखाएं
झांसी (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज में मतगणना प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मतगणना कार्मिकों को निर्देश दिए कि गणना पूर्ण सुचिता, पारदर्शिता और सावधानीपूर्वक करने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि गणना के दौरान राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंट की संतुष्टि महत्वपूर्ण है, गणना के दौरान काउंटिंग एजेंट को विश्वास में लेते हुए गणना की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन- 2022 के लिए जनपद में मतदान 20 फरवरी को पूर्ण हो चुका है। इसकी मतगणना 10 मार्च को कृषि उत्पादन मंडी भोजला में होना प्रस्तावित है। इसी कड़ी में आज सभी गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक एवं माइक्रो ऑब्ज़र्वर का प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर द्वारा आप सभी को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गणना से संबंधित छोटी-छोटी जानकारियों को अवश्य आत्मसात करें। कहा कि जहां कहीं भी आपको संशय है तो मास्टर ट्रेनर द्वारा उस संशय को अवश्य दूर किया जाए ताकि मतगणना त्रुटि रहित संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने मतगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विधानसभा में 14 टेबिल लगेगी, जिसमें मतगणना का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम गणना टीम मतदान में प्रयुक्त कंट्रोल यूनिट की सीलों की जांच करेंगी तथा सभी प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंट को कंट्रोल यूनिट में लगी सीलें दिखाकर सन्तुष्ट करेंगे। यदि काउंटिंग एजेंट पुनः सील दिखाए जाने की मांग करते हैं तो बेहिचक उन्हें पुन: सील दिखाई जाए। उसके बाद रिजल्ट सेक्शन को खोलकर सीलिंग में लगी संशोधित ग्रीन पेपर सील (ए बी सील) के हरे भाग के नीचे रिजल्ट बटन को दबाएंगे और सावधानी पूर्वक प्रत्याशियों को प्राप्त मतों को फार्म 17 सी भाग 2 पर अंकित करेंगे। इस प्रकार गणना समाप्त होने तक कार्य किया जाएगा।
जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विधान सभा में 5-5 वीवीपैट की पर्चियों की रैंडम्ली गणना भी की जाएगी। किसी कार्मिक या गणना अभिकर्ता को गणना परिसर में मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं होगी।इस बीच राजकीय इंटर कॉलेज के प्रशिक्षण हॉल में प्रभारी कार्मिक मुख्य विकास अधिकारी शैलेश कुमार ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों को जिम्मेदारीपूर्वक निभाने के निर्देश दिए।
महेश
