– बलिया रसड़ा, बेल्थरा रोड और मऊ जनपद के घोसी तहसीलों के अभ्यर्थियों ने रेस में दमखम दिखाया
वाराणसी (हि.स.)। भारतीय थल सेना के अग्निवीर भर्ती रैली में आठवें दिन बुधवार को छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान में बलिया जिले के रसड़ा, बेल्थरा रोड और मऊ जनपद के घोसी तहसीलों के अभ्यर्थियों ने अपना दमखम दिखाया। पंजीकृत 7713 अभ्यर्थियों में 6573 ने दौड़ में पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। जिसमें 409 युवा दौड़ में सफल रहे।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार गुरूवार को मऊ के मधुबनी, मोहम्दाबाद गोहना, मऊनाथ भंजन तहसीलों के 7724 अभ्यर्थी भर्ती में हिस्सा लेंगे। इसके पहले मंगलवार को बलिया के सिकंदरपुर, बांसडीह, बैरिया तहसीलों से आए 6231 युवाओं ने 1600 मीटर की दौड़ लगाई। जिसमें 333 युवा सफल रहें।
सैन्य अफसरों के अनुसार, दौड़ में हिस्सा लेने के पहले अभ्यर्थी की फोटो, एडमिट कार्ड और अन्य डॉक्यूमेंट चेक किए गए। यह भर्ती रैली आगामी छह दिसंबर तक चलेगी।
अभ्यर्थियों की मदद के लिए रणबांकुरे
मैदान के आसपास सेना भर्ती कार्यालय की ओर से हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। अभ्यर्थी इसकी सहायता ले रहे हैं। इसके बाद छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान के 400 मीटर वाले ट्रैक पर चार चक्कर लगा कर 1600 मीटर की दौड़ पूरी कर रहे हैं। वहीं, दौड़ के पहले अभ्यर्थियों को छह चेकिंग बूथ समेत शारीरिक दक्षता संबंधी टेस्ट देना पड़ रहा है। चेकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भोर में ही रेस शुरू करा दी जाती है। भर्ती रैली से संबंधित सारी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
गड़बड़ी रोकने को जांच एजेंसियां सतर्क
भर्ती परीक्षा रैली में धांधली को रोकने के लिए काफी सर्तकता बरती जा रही है। जिला पुलिस से लेकर आर्मी इंटेलिजेंस भी इस गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्क है। इसके अलावा लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और एसटीएफ अपने स्तर पर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। दौड़ में सफल हुए अभ्यर्थियों को मैदान की दूसरी ओर अन्य दस्तावेजों की जांच के लिए बैठाया जा रहा है। स्कैनिंग सिस्टम के जरिए दस्तावेज का सत्यापन संभव हो पा रहा है।
श्रीधर
