बागपत (हि.स.)। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि अग्निवीर योजना किसी भी तरह से राष्ट्रहित में नहीं है। सरकार ने यह एक भद्दा मजाक किया है। इस योजना को वापस लिया जाना चाहिए।
तहसील बड़ौत क्षेत्र के दोघट कस्बे में सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत संगठन के कार्यकर्ता राजेंद्र चौधरी के आवास पर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने सेना की नौकरी के साथ छेड़छाड़ कर अच्छा कदम नहीं उठाया है। यह युवाओं के साथ एक भद्दा मजाक किया जा रहा है। पहले किसानों के साथ न्याय नहीं किया, जिसके लिए 13 माह किसान धरना देकर बैठे रहे। अब सेना भर्ती में चार वर्ष कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। चार वर्ष में जवान हथियार चलाना एवं सेना के सही तौर-तरीके सीखता था। अब चार वर्ष बाद घर वापस आ जाएगा। उन्होंने बताया कि लालबहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का जो नारा दिया था, वह राष्ट्र हित में रहा। लेकिन अब इस पर सरकार की मंशा ठीक नहीं है। युवाओं को आंदोलन के लिए सड़कों पर आना पड़ा। सरकार को यह निर्णय वापस लेना चाहिए। यह फैसला युवाओं के हित में नहीं है। इस मौके पर धर्मेंद्र राठी, राजेंद्र सिंह, कुलदीप तोमर, राजीव प्रधान, रामकुमार सिंह, संजय आदि उपस्थित रहे।
गौरव कुमार
