मेरठ(हि.स.)। अग्निपथ योजना के विरोध में शनिवार को रालोद और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजकर इस योजना को वापस लेने की मांग की। उधर छात्रों के विरोध प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस अलर्ट रही और उन्होंने कई स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।
अग्निपथ योजना के विरोध में शनिवार को रालोद नेताओं ने कमिश्नरी पार्क में प्रदर्शन किया। रालोद के राष्ट्रªीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्ज्वल ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना निराश करने वाली है। चार साल बाद युवाओं के पास कोई विकल्प नहीं होगा। यह योजना पूरी तरह से धोखा है और सरकार को इस योजना को वापस लेना चाहिए। राष्ट्रªपति को संबोधित ज्ञापन एसीएम को सौंपकर रालोद नेताओं ने योजना को वापस लेने की मांग उठाई। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, मनीषा अहलावत, सुनील रोहटा, डॉ. राजकुमार सांगवान आदि उपस्थित रहे।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रªेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस योजना को वापस लेने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना पूरी तरह से आधारहीन है। यह युवाओं के साथ विश्वासघात है। इस अवसर पर कुलदीप त्यागी, मदन सिंह मान, संजय गुप्ता, मनोज शर्मा, करन अग्रवाल, देशवीर सिंह, बबली, बंटी जाटव, मनोज राणा, करतार यादव, यासीन मलिक आदि उपस्थित रहे।
सिवाया टोल प्लाजा पर अग्निपथ योजना के विरोध प्रदर्शन की सूचना पर दौराला पुलिस वहां पहुंच गई। सीओ दौराला आरपी शाही और इंस्पेक्टर दौराला आरके पचौरी के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने सिवाया टोल प्लाजा की घेराबंदी कर ली। वहां पर युवाओं द्वारा उग्र प्रदर्शन करने की सूचना मिली थी। बाद में पुलिस फोर्स को देखकर युवा सिवाया टोल प्लाजा पर नहीं पहुंचे।
मवाना में शनिवार को तहसील मैदान पर एकत्र होने का मैसेज इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद से ही पुलिस प्रशासन ने तहसील मैदान की घेराबंदी कर ली। एसडीएम मवाना, सीओ ने तहसील मैदान से छह युवकों को पकड़ा। उनके पास से डंडे और बलकटी बरामद हुई। पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुटी है।
कुलदीप
