मोहसिन
गोण्डा।
केद्र की ‘अग्निपथ’ सैन्य भर्ती योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बीच कुछ संगठनों ने सोमवार (20 जून) को भारत बंद का आह्वान किया है। बंद की सूचना के मिलने के बाद जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता ने रेलवे स्टेशन पर खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी है। उन्होंने बंद और प्रदर्शन की सम्भावना के मद्देनजर सोमवार को रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने रेलवे ट्रैक और हर स्टेशन पर सुरक्षा के लिए निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में विशेष अलर्ट है। सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं सीओ सिटी की अगुवाई में नगर के प्रत्येक चौराहे को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। समूह में किसी को भी नहीं जुटने दिया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

