Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश'अग्निपथ' की आग मीरजापुर पहुंची, बस पर पथराव

‘अग्निपथ’ की आग मीरजापुर पहुंची, बस पर पथराव

– रेलवे स्टेशन पर तांडव नाकाम

मीरजापुर (हि.स.)। भारतीय सेना में भर्ती की नई ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ भड़का आक्रोश शनिवार को जिले में भी पहुंचा गया। यहां पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने रोडवेज की जनरथ बस पर जमकर पथराव किया। हालांकि किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। बस में तोड़फोड़ करते हुए उपद्रवी रेलवे स्टेशन पर भी पहुंच गये, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी को देख वहां से भाग निकले। पुलिस ने इस दौरान आठ उपद्रवी को हिरासत में लिया है।

सेना भर्ती योजना ‘अग्निपथ’ की आंच आज जनपद में भी देखने को मिली। सुबह 10:30 बजे सवारियों से भरी मीरजापुर रोडवेज की जनरथ बस कानपुर के लिए निकली थी। विकास भवन के पास पथरहिया पहुंचते ही उपद्रवी ने चलती बस पर अचानक पथराव करने लगे। चालक ने बस को एक तरफ रोककर सभी यात्रियों को नीचे उतारा। ऐसे में यात्रियों को चोट तो नहीं आई, लेकिन पत्थरबाजी में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा और दूसरी बस से सवारियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इससे पहले भारी संख्या में उपद्रवी पत्थरबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन के अंदर घुस गए थे। इससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। उपद्रवियों ने ट्रेन पर पथराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने लाठी भांजकर पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। पुलिस की सतर्कता से रेलवे स्टेशन पर उपद्रवी तांडव नहीं कर सके।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की सतर्कता से रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ होने से बच गया। इसके बाद शहर भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सभी सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात है। रेलवे स्टेशन पर तलाशी ली गई। जनपद में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिलाधिकारी और एसपी लगातार नगर भ्रमण कर रह हैं। तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा, सीओ सिटी प्रभात कुमार राय, कटरा कोतवाल नवीन तिवारी, जीआरपी प्रभारी आरपीएफ प्रभारी सहित पीएसी बल के जवान भी डटे रहे। स्थिति संभालते हुए पुलिस ने आठ उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य उपद्रवियों की पहचान की कोशिश जारी है।

गिरजा शंकर/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular