प्रशिक्षण के लिए नौसेना के 18 कर्मियों की टीम अमेरिका के नेवल एयर स्टेशन पहुंची
– नौसेना के लिए आंख, कान बनकर लंबी दूरी तक दुश्मन का सफाया करेंगे रोमियो
सुनीत निगम
नई दिल्ली(हि.स.)। मल्टीरोल एमएच-60 रोमियो हेलीकॉप्टरों पर प्रशिक्षण के लिए भारतीय नौसेना के 18 कर्मियों की एक टीम इस समय अमेरिका पहुंची है। अगले माह भारतीय नौसेना को अमेरिका में तीन हेलीकॉप्टर सौंप दिए जायेंगे जिनका इस्तेमाल वहां गई नौसेना की टीम को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा। एयरक्रू और तकनीकी चालक दल के पहले बैच का प्रशिक्षण अमेरिका के पेंसाकोला, फ्लोरिडा और सैन डिएगो में शुरू होगा। यह नए हेलीकॉप्टर भारतीय नौसेना के लिए आंख, कान और लंबी दूरी तक दुश्मन का सफाया करने वाले हथियार बनेंगे।
मल्टीरोल हेलिकॉप्टर एमएच-60 रोमियो ने तैयार होने के पहली उड़ान लगभग दो माह पहले अमेरिका में लॉकहीड मॉर्टिन के मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट में भरी थी। अमेरिकी नौसेना के नेवल एयर सिस्टम कमांड ने इसकी तस्वीरें भी जारी की थीं। एमएच 60 रोमियो हेलिकॉप्टरों को समुद्र में ‘उड़ता फ्रिगेट’ कहा जाता है। इस हेलिकॉप्टर में कई मोड वाले रेडॉर, नाइट विजन उपकरण, हेलिफायर मिसाइलें, एमके-54 टॉरपीडो और रॉकेट लगे हैं जो दुश्मन की सबमरीन को तबाह करने में सक्षम हैं। भारत के पास इस समय 140 युद्धपोत हैं लेकिन इस तरह के अटैक नेवल हेलिकॉप्टर की सख्त कमी महसूस की जा रही है। दुनियाभर में करीब 300 एमएच 60 रोमियो सी हॉक हेलिकॉप्टर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इस हेलिकॉप्टर की मारक क्षमता करीब 834 किलोमीटर है और वजन 689 किलो है।
भारतीय नौसेना की 18 सदस्यीय टीम वैश्विक साझेदारी को मजबूत करते हुए दो हेलीकॉप्टरों के साथ प्रशिक्षण शुरू करने के लिए नेवल एयर स्टेशन पेंसकोला और नॉर्थ आइलैंड पहुंची है। प्रारंभिक प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अगले माह जुलाई में भारतीय नौसेना को तीन हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति की जानी है, जिनका उपयोग अमेरिका में भारतीय नौसेना की टीम को विशेष प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। एमएच-60 हेलीकॉप्टरों का पहला जत्था जून, 2022 तक भारत पहुंचेगा। एयरक्रू और तकनीकी चालक दल के पहले बैच का प्रशिक्षण पेंसाकोला, फ्लोरिडा और सैन डिएगो में शुरू होगा। अमेरिका के विदेशी सैन्य बिक्री मार्ग के माध्यम से खरीद प्रक्रिया की ‘खरीदें (वैश्विक)’ श्रेणी के तहत खरीदे जा रहे हेलीकॉप्टर लॉकहीड मार्टिन द्वारा बनाए गए हैं। अगले तीन वर्षों में सभी 24 हेलीकॉप्टर भारतीय नौसेना को दिए जाएंगे।
अगले माह नौसेना को अमेरिका से मिलेंगे तीन ‘खूंखार शिकारी’ हेलीकॉप्टर
RELATED ARTICLES
