नई दिल्ली (हि.स.)। देशभर में अगले 5 दिन लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहाना बना रहेगा। तापमान में 2 दिन बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। इसके अलावा आने वाले दिनों में कोई खास बदलाव नहीं आएगा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक देशभर में गर्मी की लहर चलने के कोई आसार नहीं हैं। पश्चिमी और पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। उसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की धीरे-धीरे वृद्धि होगी। अगले 3 दिनों तक देशभर में मौसम सामान्य रहेगा।
उत्तर-पूर्वी भारत के दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में धुंधभरी आंधियां चल सकती हैं। सोमवार को ओडिशा में बारिश होगी। तमिलनाडु और केरल में आज बारिश होने के आसार हैं। असम एवं मेघालय के कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी के तटीय इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है। ओडिशा और बिहार के कुछ इलाकों में कल ओलावृष्टि हो सकती है। विदर्भ क्षेत्र में कल और आने वाले दिनों में ओलावृष्टि के आसार हैं। छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र और तेलंगाना के कुछ अलग-अलग भागों में भी ओलावृष्टि हो सकती है।
अनूप/पवन
