Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश सरकार में बहन-बेटियां नहीं थीं सुरक्षित: ब्रजेश पाठक

अखिलेश सरकार में बहन-बेटियां नहीं थीं सुरक्षित: ब्रजेश पाठक

-योगी सरकार के कानून मंत्री ने कहा भाजपा सरकार में हुआ महिलाओं के लिए काम

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी समेत विपक्ष पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सभी वर्गों की चिंता की। वहीं विपक्ष सत्ता में रहकर लूट करता रहा। अपना खजाना भरने के अलावा विपक्ष ने कोई कार्य नहीं किया। 2014 में केन्द्र की सत्ता में आने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की महिलाओं की समस्याओं को दूर करने का संकल्प लिया। वह चाहे धुएं से निजात दिलाने के लिए गैस कनेक्शन हो, आवास हो या फिर शौचालय, आज हमारी सरकार दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शपथ लेने के साथ ही महिलाओं को आवास देने का संकल्प लिया। आज हमारी सरकार सबको मकान देने का काम कर रही है। गरीबों को मकान मिलने से वह कड़ाके की ठंड और बरसात में बारिश में भी उनका जीवन सहज हुआ है। हमारी सरकार ने उस घर को रौशन करने के लिए प्रदेश में सवा करोड़ निशुल्क बिजली कनेक्शन भी दिया है।

पहले हमारे घर की महिलाएं भोजन पकाने के लिए लकड़ी के चूल्हे का इस्तेमाल करती थीं। उन्हें हम सबके लिए भोजन तैयार करने में एक युद्ध लड़ना पड़ता था। उनकी आंखों की रोशनी चली जाती थी। तमाम अन्य बीमारियां भी उनमें घर कर जाती थीं। मोदी सरकार ने निशुल्क गैस कनेक्शन दिए हैं। आज उनकी वह समस्या नहीं है। यही वजह है कि जब कोई माताओं, बहनों से पूछता है कि 2022 में किसकी सरकार बनेगी तो वह बिना देरी के भाजपा सरकार बनने की बात कर रही हैं।

पाठक ने कहा कि हमारी सरकार में विकास से किसी भी क्षेत्र को वंचित नहीं रखा गया। बुंदलेखंड में लोगों को हर घर नल योजना के तहत सबको पानी की व्यवस्था कर रही है। गरीब को इलाज कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख का बीमा कवर दिया गया। हमारी सरकार ने गरीबों को निःशुल्क राशन दिया। कोरोना काल में माह में एक नहीं बल्कि दो बार दिया जा रहा है। एक बार केंद्र सरकार और उसके 15 दिन बाद राज्य सरकार राशन दे रही है। इसके साथ उनके रोजगार की भी चिंता की गयी।

मंत्री ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूर दृष्टि ही है जो हर व्यक्ति का अपना बैंक खाता होने पर जोर दिया। आज उन्हीं बैंक खाते में सीधे पैसे भेजे जा रहे हैं। कई लोग पहले इसी मजाक बना रहे थे। अब विपक्ष को भी समझ में आ रहा है।

पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल में तो बहू बेटियां तक सुरक्षित नहीं थीं। बहन बेटियों को दिनदहाड़े छेड़ा जा रहा था। बेटियों का स्कूल जाना दूभर हो गया था। पश्चिम उत्तर प्रदेश में तो बड़ी संख्या में परिवार इसी भय से पलायन कर गये थे। 2017 में भाजपा योगी सरकार आने के बाद से ऐसे असमाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की गयी। ऐसे 15 हजार शोहदों को जेल भेजा गया है। आज बहन बेटियां सुरक्षित हैं। बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ का नारा सफल होने का प्रमाण है कि आज लिंगानुपात में बालिकाएं कहीं आगे निकल गयी हैं। यह हमारे लिए खुशी की बात है।

बेटों की पढ़ाई की चिंता की गई तो हमारी सरकार ने बच्चियों को पढ़ाने के लिए कदम उठाया। स्नातक तक की पढ़ाई के लिए हमारी सरकार उन्हें आर्थिक मदद कर रही है। इसके साथ ही अब हमारी बच्चियां 21 साल की उम्र में घर से विदा होंगी।

आजम खान को अखिलेश सरकार में सुपर सीएम कहते है उनके बयानों की आलोचना की। पाठक ने कहा कि आजम खान ने हमारी बहनों के लिए अभद्र टिप्पणी की। उनकी सरकार में खनन मंत्री रहे प्रजापति के खिलाफ हमारी सरकार ने कार्रवाई की। जेल में ठूसा। वह आज तक जेल में हैं। उन्हें आजीवन जेल की सजा हो गयी है। इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और सहप्रभारी हिमांशु दुबे मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular