Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा पर लगाया गुंडागर्दी का...

अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप

लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में बहुमत के लिए भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने करहल का प्रतिनिधित्व करने के साथ ही आजमगढ़ की तरक्की के लिए हमेशा वचनबद्ध रहने की बात कही है। उन्होंने यह त्याग महंगाई बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के लिए खिलाफ संघर्ष के लिए जरूरी बताया है।

अखिलेश यादव ने बुधवार को दोपहर बाद ट्वीट किया, “विधानसभा में उप्र के करोड़ों लोगों ने हमें नैतिक जीत दिलाकर ‘जन-आंदोलन का जनादेश’ दिया है। इसका मान रखने के लिए मैं करहल का प्रतिनिधित्व करूँगा व आज़मगढ़ की तरक़्क़ी के लिए भी हमेशा वचनबद्ध रहूँगा। महंगाई, बेरोज़गारी और सामाजिक अन्याय के ख़िलाफ़ संघर्ष के लिए ये त्याग ज़रूरी है।”

अखिलेश यादव ने समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर लखनऊ के लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कहा कि भाजपा विधान परिषद चुनाव में बहुमत के लिए गुंडागर्दी कर रही है। पंचायत चुनाव में भी उन्होंने यही तरीका अपनाया था और अब भी वही कर रहे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक उनकी मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम सड़क से विधानसभा तक जनता के मुद्दे उठाएंगे। जनता ने हमें संघर्ष करने का आदेश दिया है। भाजपा के लोग गुंडई पर उतर आए हैं और लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कमाई से होने वाला मुनाफा उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। सरकार कहती है कि कीमतें नियंत्रित करना उसके वश में नहीं है तो चुनाव के पहले कीमतें बढ़ना रुक क्यों गई थी?

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular