लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए घोषणाजीवी बताया है। उन्होंने सवाल किया है कि क्या स्मार्ट सिटी परियोजना का काम पूरा हो गया है, जो अब ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शहर’ बनाने वाला जुमला छोड़ा है।
अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि जनता ‘घोषणाजीवी’ भाजपा सरकार से पूछ रही है कि क्या उप्र में स्मार्ट सिटी का प्रोजेक्ट पूरा हो गया है जो ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शहर’ बनाने का नया जुमला भाजपा उछाल रही है। अंत में अखिलेश ने लिखा है कि अस्सी हराओ और भाजपा हटाओ।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को बिहार के पटना में आयोजित विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनका भाजपा सरकार को लेकर कोई ट्वीट नहीं आया था। वहां से वापस लौटने के बाद शनिवार को एक बार फिर अखिलेश ने ट्वीट करते हुए निशाना साधा है।
मोहित/पदुम नारायण
