Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री मौर्य समाज से क्यों नहीं बनाया : केशव...

अखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री मौर्य समाज से क्यों नहीं बनाया : केशव प्रसाद

लखनऊ(हि.स.)। पिछड़ा मोर्चा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव प्रश्न पूछते हैं कि केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया गया। तो कुशवाहा, मौर्य, सैनी समाज के लोग अखिलेश से पूछें कि उनके मुख्यमंत्री रहते हुए मौर्य समाज से क्यों नहीं कोई उपमुख्यमंत्री बनाया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कुछ दल अपने को दलितों की पार्टी कह रहे हैं, क्या उन्होंने कभी दलित को घर देने, बिजली, पानी पहुंचाने के लिए काम किया। अगर किया तो भाजपा की सरकार ने किया।

केशव ने कहा कि एकजुट रहता जरुरी है। एकता रहेगी तो हम सभी शिखर पर रहेंगे। आजकल वोटकटवा सक्रिय हैं। छोटी पार्टियां बनाकर वोट काटने निकले हैं। ऐसे बयान देते हैं जैसे गोवर्धन पर्वत अपने उंगली पर उठा रखा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। देश में कई राज्यों में भाजपा की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2017 में उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में बनी सरकारों में इतना काम हुआ, जो पिछली सरकारों ने कभी नहीं किया। सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां अब एक भी हो जाएं तो उसके बावजूद भाजपा को नहीं हराने की स्थिति में है।

कहा कि 2019 में सपा और बसपा एक हुए थे, रालोद भी जुड़ गया और फिर भी भाजपा को 51 प्रतिशत मत पड़े। भाजपा ने अपने दो सहयोगी दलों के साथ मिलकर जीत हासिल की थी। अब वर्ष 2022 का चुनाव आया है, इसमें भी ये एक हो गये तो हारेंगे। तीनों पार्टियों के मतदाता भाजपा को क्यों हराना चाहते हैं, ये सोचिये। भाजपा की सरकार ने बदलाव लाने का काम किया है। प्रदेश में काम किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular