लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के जिन्ना पर दिए बयान पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा मुखिया द्वारा जिन्ना को लेकर कल हरदोई में दिया गया बयान और उसेे लपककर भाजपा की प्रतिक्रिया यह इन दोनों पार्टियों की अन्दरुनी मिलीभगत व इनकी सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
मायावती ने कहा कि यूपी विधानसभा आमचुनाव में माहौल को किसी भी प्रकार से हिन्दू-मुस्लिम करके खराब किया जाए। सपा व भाजपा की राजनीति एक-दूसरे के पोषक व पूरक रही है।
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों की सोच जातिवादी व साम्प्रदायिक होने के कारण इनका आस्तित्व एक-दूसरे पर आधारित रहा है। इसी कारण सपा जब सत्ता में होती है तो भाजपा मजबूत होती है जबकि बीएसपी जब सत्ता में रहती है तो भाजपा कमजोर है।
