Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव कराते थे दंगे, हम कराते हैं दंगल : अनुराग ठाकुर

अखिलेश यादव कराते थे दंगे, हम कराते हैं दंगल : अनुराग ठाकुर

बागपत(हि.स.)। बागपत पहुंचे केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अखिलेश यादव पर दंगे कराने के आरोप लगाए हैं। खेल स्पर्धा का उदघाटन करने पहुंचे मंत्री ने कहा है कि भाजपा सरकार दंगल कराती है और सपा सरकार दंगे। उन्होंने डेढ़ लाख की कुश्ती में मथुरा के पहलवान से दिल्ली के पहलवान का हाथ मिलवाया और कुश्ती का शुभारंम्भ किया।

शनिवार को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सिखेड़ा गांव कुश्ती प्रतियोगिता में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांसदों द्वारा खेल स्पर्धा का आयोजन कराया जा रहा है, जिससे खेलों को बढ़ावा मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में दंगे कराये जाते थे और हम दंगल करा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सिखेड़ा में सबसे बड़ी डेढ़ लाख रुपये की कुश्ती मोनू पहलवान दिल्ली छत्रसाल स्टेडियम और मथुरा के उमेश पहलवान के बीच हाथ मिलाकर शुरू कराई।

ग्रामीण इलाकों से तैयार हो रही खिलाड़ियों की फौज

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों से खिलाड़ियों की फौज तैयार हो रही है। अमीरों के बच्चे नहीं, गरीबों के बच्चे खेलों में पदकों की भूख मिटाकर नाम कमाते हैं। ऐसी स्पर्धाओं से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने ओलंपिक में रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया की युवाओं का मनोबल बढ़ाने पर प्रशंसा की। यहां पर कुश्ती, कबड्डी व रेस के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली के पहलवानों का लगा जमावड़ा

दंगल में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली आदि राज्यों के नामचीन पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। महिला और पुरुष पहलवानों के बीच भी कुश्ती होगी।

दंगल में ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया भी पहुंचेंगे

दंगल को देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे हैं। इस दौरान दंगल स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दंगल में ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया भी पहुंचेंगे और पहलवानों से बातचीत करते हुए कुश्ती के टिप्स देंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular