Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश बोले, किसान शहादत दे रहा, मुख्यमंत्री अन्नदाता की ही बदनामी में...

अखिलेश बोले, किसान शहादत दे रहा, मुख्यमंत्री अन्नदाता की ही बदनामी में ले रहे रुचि

-कहा, जुल्म में अंग्रेजों से भी आगे निकल गई है भाजपा सरकार 

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्तामद में चूर है। उसकी गलत नीतियों के चलते जनता को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। सीमा पर जवान और दिल्ली में किसान शहादत दे रहा है लेकिन मुख्यमंत्री जी अन्नदाता की ही बदनामी में रुचि ले रहे हैं। भाजपा सरकार जुल्म में अंग्रेजों से भी आगे निकल गई है।
अखिलेश ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि लोगों की जिंदगी में चैन नहीं। कानून व्यवस्था तो चौपट है ही लोग महंगाई, मिलावट और भ्रष्टाचार से भी तंग हो चले हैं। मुख्यमंत्री जी को लगता है कि थोड़े ही दिन बचे है तो ज्यादा माथापच्ची क्यों करें? जहां जैसा चल रहा है चलने देना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में 13 दिन में दूसरी बार गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। सरकार की कमर तोड़ महंगाई से लोगों का जीना मुश्किल हो गया हैं। अगर यह सरकार कुछ सस्ता नहीं कर सकती तो कम से कम और दाम तो न बढ़ाए। सरकार को जनहित में गैस के बढ़े दाम वापस लेने चाहिए।
उन्होंने कहा कि सत्ताधारियों ने उत्तर प्रदेश में अवैध खनन कर खुल लूट मचा रखी है। पुलिस प्रशासन और सरकार तीनों ही अपना हिस्सा लेकर चुप्पी साधे बैठी है। सच तो यह है कि प्रदेश में अपराध और अपराधी सत्ता संरक्षित है। यहां जंगलराज है। विपक्षी नेताओं का खुले आम खून बहाया जा रहा है। 
प्रदेश में लूट, डकैती की वारदातें चरम पर हैं। आए दिन ऐसी वारदातें होती है पर भाजपा सरकार और पुलिस आंखे मूंदे बैठी रहती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular