Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश ने भाजपा को घेरा, बोले-कोरोना आंकड़ों को छिपाकर अपनी वाहवाही लूट...

अखिलेश ने भाजपा को घेरा, बोले-कोरोना आंकड़ों को छिपाकर अपनी वाहवाही लूट रही यूपी सरकार

सपा मुख्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जब यादव से ‘दलित दीवाली’ के नाम को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नाम में क्या रखा है, नाम तो कोई भी हो सकता है, आंबेडकर दीवाली, संविधान दीवाली, समता दिवस-नाम कुछ भी रखा जा सकता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डॉ राम मनोहर लोहिया और बाबा साहेब ने मिलकर काम करने का संकल्प लिया था और अगर सपा आंबेडकर के अनुयायियों को गले लगा रही है तो भाजपा और कांग्रेस को तकलीफ क्या है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा, प्रदेश में आज न जाने कितने लोग तकलीफ और परेशानी में हैं। रात से लेकर सुबह तक लगातार लोग परेशानी में हैं और जो जानकारी मिल रही है कि वैश्विक महामारी ने एक बार फ‍िर हम सबको घेर लिया है और ऐसे चक्रव्यूह में फंसा दिया है कि जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, उत्तर प्रदेश के अस्पतालों में दवाइयां नहीं है, अस्पतालों में भर्ती नहीं हो सकते, जो बहुत जरूरत की दवाई है वह पर्याप्त नहीं है, कोरोना की जांच नहीं हो पा रही हैं और जो जांच हो रही हैं तो जिस समय उनकी रिपोर्ट आनी चाहिए उसमें भी देरी हो रही है। टीका लगाने के बाद भी लोग इस बीमारी से बीमार हो रहे हैं। उन्होंने सवाल किया, अगर लखनऊ के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के लोग भी ऐसी बीमारी से तकलीफ में चले जाएंगे तो आखिर आम जनता का उपचार कौन करेगा।

उन्होंने कहा, अस्पतालों की दुर्दशा इसलिए है क्योंकि सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। सरकार सिर्फ अपनी वाहवाही में लगी हुई है। बीमारी खत्म हो जाती तो वाहवाही करते तो ठीक था लेकिन बीमारी को छिपाकर, आंकड़ों को छिपाकर अपनी वाहवाही की खुशी मना रहे हैं। राज्‍य सरकार द्वारा आंबेडकर जयंती तक ‘टीका उत्सव मनाये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यादव ने कहा, ये (भाजपा) उत्‍सव और प्रचार से ही सरकार चला रहे हैं। सरकार उत्‍सव मना रही है तो सवालों पर इनके पास जवाब क्या है, आज जरूरतमंद को दवाई और अस्पताल में बिस्तर नहीं है तो सरकार ने क्या इंतजाम किया है। उन्होंने तंज किया, सरकार का इंतजाम यही है कि कोरोना टीके के नाम पर तीन महिलाओं को रैबीज का टीका लगा दिया। यादव ने आरोप लगाया कि कोरोना के नाम पर राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular