Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश ने कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर दिया बयान कहा- राज्य में हर...

अखिलेश ने कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर दिया बयान कहा- राज्य में हर किसी को मुफ्त में लगे कोरोना का टीका


 
लखनऊ । समाजवादी पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना टीकाकरण को लेकर एक लिखित बयान दिया है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को टीका मुफ्त लगवाने की मांग की गई है। अखिलेश ने जारी लिखित बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी हर किसी को मुफ्त टीकाकरण लगाने के पक्ष में है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण को लेकर बीजेपी सरकार की अकर्मण्यता से जनता परेशान है। इस संबंध में अस्पष्ट नीति और अव्यवस्थाओं के चलते हर ओर अफरातफरी का माहौल है। सरकार का टीका उत्सव कहां मनाया जा रहा है, गांवों के लोग उसे ढूंढ रहे हैं। शहरों के टीका केंद्रों में टीकाकरण सुस्त चाल से चल रहा है। लोगों को समय से कहां-कब टीकाकरण होगा इसकी सूचना तक नहीं मिल पा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि “समाजवादी पार्टी बराबर इस पर जोर देती आयी है कि मुख्यमंत्री जी इधर उधर की बयानबाजी करना बंद करें और बीजेपी सरकार का पूरा ध्यान टेस्टिंग और वैक्सीन पर लगे। इस संबंध में तेजी से काम होना चाहिए। समाजवादी पार्टी की मांग है कि सभी नागरिकों को निःशुल्क टीकाकरण का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए विदेश से भी वैक्सीन मंगवाई जाए तथा देश में वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने की क्षमता बढ़ाई जाए। सभी युवाओं व बच्चों के लिए भी टीके की व्यवस्था पर अभी से ध्यान दिया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि “समाजवादी पार्टी ने इस बात पर एतराज जताया था कि जब डीसीजीआई द्वारा प्रमाणीकरण और ट्रायल की पूरी व्यवस्था न होने पर भी भारत सरकार वैक्सीन आने की घोषणा में जल्दबाजी क्यों कर रही है?
अखिलेश ने यह भी कहा कि बीजेपी की वाहवाही लूटने और जनता को गुमराह करने की आदत के कारण ही लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि “समाजवादी पार्टी की सरकार में जिस तरह समयबद्ध तरीके से तमाम विकास कार्य किए गए थे ठीक उसी तरह सन 2022 में समाजवादी सरकार बनने पर बिना देर किए सभी को फ्री वैक्सीन लगाई जाएगी।”

RELATED ARTICLES

Most Popular