-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को अपनी उपलब्धि बताने पर भाजपा अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री पर बोला हमला
लखनऊ (हि.स.)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर राजनीति गरमाती जा रही है। सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) आमने सामने आ गये हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को अपनी सरकार की उपलब्धि बताने वाले सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भाजपा ने करारा पलटवार किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा सपा अध्यक्ष इस बात से परेशान हैं कि इतना लंबा एक्सप्रेस-वे बिना भ्रष्टाचार के कैसे बन गया। अगर उनकी सरकार में यह बना होता तो दो लेन का पैसा एक्सप्रेस-वे में लगता और चार लेन के पैसे से उनकी तिजोरी भरती।
स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को ट्वीट करके कहा कि यपी में डबल इंजन की सरकार की रफ्तार से अखिलेश जी डबल परेशान है। अखिलेश यादव सोच में डूबे हुए हैं कि कैसे 341 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे बन गया और एक रुपये का भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ। यदि वो सत्ता में होते तो दो-लेन एक्सप्रेस-वे बनाते और बाकी चार-लेन का पैसा अपनी तिजोरी में भर लेते। मालूम हो कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को लेकर दोनों दल आमने-सामने आ गये हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत पार्टी के कई नेता पूर्वांचल एक्प्रेस-वे को समाजवादी एक्सप्रेस-वे का नाम देने में जुटे हैं। उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज इस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने जा रहे हैं।
