Monday, February 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश अपने कुनबे को नहीं बचा पा रहे हैं भाजपा से क्या...

अखिलेश अपने कुनबे को नहीं बचा पा रहे हैं भाजपा से क्या लड़ेंगे : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने शुक्रवार को सपा अध्यक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपने परिवार, अपने कुनबे और अपने गठबंधन को नहीं बचा पा रहे हैं हमसे क्या लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि सपा-बसपा स्वाभाविक रूप से हमारे विरोधी हैं। पिछले चुनाव में दोनों गठबंधन के तौर पर चुनाव लड़े थे। अब सपा-बसपा एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इस प्रदेश की जनता भाजपा के कार्यकर्ता मोदी और योगी जी से है।

भूपेन्द्र चौधरी ने बैठक में अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों के सथ निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम अपने एजेंडे पर आगे बढ़ रहे हैं। हमारा संपर्क, संवाद निरन्तर चल रहा है। आज अवध क्षेत्र की बैठक में नगर निकाय चुनाव और सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।

कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा पर भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भारत को तोड़ने का काम किया। देश के विभाजन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि हम नगर निकाय चुनाव के बाद बूथ और मण्डल का गठन करेंगे। फिर जिला, प्रान्त और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करेंगे। जो लोग सरकार में शामिल हैं उनके स्थान पर नये लोग रखे जायेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मदरसों की बेहतरी के लिए सर्वे करा रही है। मदरसों में जो खामियां हैं और सुविधाओं का अभाव है उन्हें दूर करने के लिए सर्वे हो रहा है। मदरसों का सर्वे कराने की मंशा किसी को परेशान करने के लिए नहीं है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular