Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअकबर बंजारा ने खड़ा किया अरबों रुपए का आर्थिक साम्राज्य

अकबर बंजारा ने खड़ा किया अरबों रुपए का आर्थिक साम्राज्य

मेरठ (हि.स.)। असम में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अंतरराष्ट्रीय गो तस्कर अकबर बंजारा ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में अरबों रुपए की संपत्ति इकट्ठी की है। पुलिस उसकी संपत्ति की जांच करके जब्त करने की तैयारी में जुटी है। आयकर विभाग को भी उसकी संपत्ति की जांच के लिए पत्र लिखा गया है।

मेरठ जनपद के फलावदा निवासी गो तस्कर अकबर बंजारा और उसके भाई सलमान बंजारा को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद असम पुलिस बी-वारंट पर दोनों तस्करों को अपने साथ ले गई थी। मंगलवार को असम पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों गो तस्कर मारे गए। अकबर बंजारा ने गो तस्करी के बल पर अरबों रुपए का साम्राज्य खड़ा किया था। वह पूर्वोत्तर के राज्यों में गो मांस की भी सप्लाई करता था। अपनी अवैध कमाई से अकबर ने मेरठ, बिजनौर समेत कई जिलों में संपत्ति खरीदी। पुलिस उसकी पड़ताल में लगी है।

एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि शास्त्रीनगर सेक्टर 11 मस्जिद के पास अकबर का आलीशान बंगला है। उसके दो मकान फलावदा में है। 155 बीघा जमीन बहसूमा खरीदी है। इसी तरह से 20 बीघा जमीन महलका, 18 बीघा जमीन नारनौल, 20 बीघा जमीन मारवाड़ी, नौ बीघा जमीन फलावदा, नौ बीघा जमीन बदनौरा गांव में खरीदी है। इस अरबों के साम्राज्य को पुलिस चिन्हित कर चुकी है। अब उसे जब्त करने की तैयारी की जा रही है।

अकबर बंजारा का पिता पीरू बंजारा लगभग 50 साल पहले मेरठ के फलावदा में बस गया था। वह पशुओं की खरीद-फरोख्त का काम करता था। शुरू में अकबर भी अपने पिता के साथ इसी काम में जुट गया। इसके बाद ट्रक चलाने लगा और पूर्वोत्तर के राज्यों में आने-जाने लगा। इसके अकबर को पशुओं की तस्करी करने में जुट गया। इस धंधे से उसने मोटी संपत्ति बनाई हुई है।

अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का सिलसिला मेरठ में चल रहा है। सोतीगंज में वाहनों के कटान से अवैध करने वालों कबाड़ियों की लगभग 70 करोड़ रुपए कीमत की संपत्ति को पुलिस अभी तक जब्त कर चुकी है। अब मांस के अवैध कारोबार से अकूब संपत्ति बनाने वाले लोगों की पड़ताल चल रही है। इसमें पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और शाहिद अखलाक की संपत्ति की भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि अवैध रूप से संपत्ति बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular