मिर्जापुर| अंधविश्वास ने मानवता की हदें पार कर दी। दो साल की मासूम बच्ची की मौत के बाद उसे धार्मिक मान्यता के अनुसार अंतिम संस्कार भी नहीं नसीब हुआ। परिजनों ने टोटका कर बच्ची के शव को जंगल में फेंक दिया।
घटना के अनुसार, मड़िहान थाना क्षेत्र के बेला जंगल में बाण सागर नहर किनारे मंगरमुड़ गांव है। गांव के पास मंगलवार की दोपहर दो वर्ष की बच्ची का शव मिला। पास ही पूजा-पाठ का सामान भी पड़ा था। इस पर लोगों ने बलि की आशंका जताई, लेकिन पुलिस के अनुसार, मौत बीमारी से हुई है। बीमारी किसी और को न हो, इसलिए परिजन शव जंगल में रख दिए थे। इसके लिए टोटका भी किया गया था।
दोपहर में जंगल में बच्ची का शव मिला तो ग्रामीण जुट गए। पास ही पूजा-पाठ का सामान, एक भेड़, बच्ची के नये-पुराने कपड़े भी पड़े थे। ग्रामीण इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा करने लगे। ग्राम प्रधान पारसनाथ ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि भी मौके पर पहुंचे।
