Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअंतर्राष्ट्रीय मानक की होगी कुशीनगर एयरपोर्ट टू फोरलेन सड़क

अंतर्राष्ट्रीय मानक की होगी कुशीनगर एयरपोर्ट टू फोरलेन सड़क

-सांसद व विधायक ने किया शिलान्यास 
कुशीनगर (हि. स.)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को राष्ट्रीय राजमार्ग 28 से जोड़ने वाली सड़क अंतर्राष्ट्रीय मानक की होगी। कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग इसे कार्य रूप देने में जुट गया है। शनिवार शाम को सांसद विजय दुबे व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से इस सड़क का शिलान्यास किया। 
अधिशासी अभियंता हेमराज ने भरोसा दिलाया कि मानक व गुणवत्ता के मामले में सड़क नजीर बनेगी। नेताद्वय ने भूमि पूजन के बाद शिलापट्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर एक समारोह का भी आयोजन किया गया। 
समारोह में सांसद ने कहा कि देश, राज्य व क्षेत्र का विकास आधारभूत संसाधनों की स्थापना से ही होगा। जिले में एयरपोर्ट, मेडिकल कालेज, ट्रामा सेंटर, राजकीय कालेज के निर्माण से सरकार ने लोगों की खुशहाली व तरक्की का मार्ग तैयार कर दिया है। 
विधायक त्रिपाठी ने कहा ‘सब उड़े सब बढ़े’ इस परिकल्पना को भाजपा की सरकार साकार कर रही है। पहले चन्द लोगों तक हवाई यात्रा सिमटी थी, फोन, गैस आदि की सुविधा सीमित थी किन्तु भाजपा की सरकार ने घर घर यह सुविधाएं पहुंचाकर लोगों की तरक्की के रास्ते खोल दिया है। अब जिले के लोग हजारों किमी की दूरियां घण्टों में तय करेंगे। एयरपोर्ट से जिले का विकास तीव्र गति से होगा। शैक्षिणक, स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार, उद्योग बढेंगे। यह कार्य सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी के कारण सम्भव हुआ है। 
21 करोड़ खर्च होंगेलोक निर्माण विभाग एक किमी लम्बी व 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कर रही है। सरकार ने इस सड़क 21 करोड़ का बजट दिया है। सड़क निर्माण के लिए विशनपुर बिंदवलिया गांव के 76 किसानों की 1.456 हे. भूमि व शाहपुर के 21 किसानों की .930 हे. भूमि अधिग्रहित की गई है। भूमि के एवज में 5.50 करोड़ मुआवजा वितरित किया जा चुका है। 
 Submitted By: Edited By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular