लखनऊ (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट ने चिनहट ब्लाक के प्राथमिक विद्यालयों में ‘रीडिंग कैंपेन’ का आयोजन किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने अभिभावकों को स्कूल में बुलाकर बच्चों को किताब पढ़ाई और कहानियां सुनाई गयी।
रूम टू रीड से लिट्रेसी फेसिलिटेटर शिल्पी मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय उत्तर्धाना 2 में अभिभावकों को कहानी मितवा पढ़कर सुनाया एवं कहानी पर चर्चा करते हुए अभिभावकों व शिक्षकों के साथ चर्चा की, कि कैसे एक कहानी के माध्यम से बच्चों के अंदर एक जिज्ञासा उत्पन्न होती है।
इस दौरान सभी विद्यालयों में बच्चों से साक्षरता को लेकर चित्रकारी प्रतियोगिता करवाई गई। मेरी पसंदीदा पुस्तक कौन सी है, इसको चार्ट पेपर पर बच्चों द्वारा अपनी-अपनी पसंद की कहानियां और किताबों के बारे में जिक्र लिखकर किया गया। जागरूकता के लिए बच्चों द्वारा रैली निकलवाई गई।
अभिभावकों को शपथ भी दिलाई गई कि वह प्रतिदिन अपने बच्चों के साथ 25 से 30 मिनट तक किताब के साथ पढ़ने का समय अवश्य दें, जिसमें वह अपने बच्चों के साथ खुद भी बैठेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने बच्चों को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के बारे में बताया, पढ़ना क्यों जरूरी है इस विषय पर चर्चा करते हुए प्रेरक कहानियां पढ़कर सुनाई एवं बच्चों ने भी अपनी कहानी पढ़कर शिक्षकों एवं अभिभावकों को सुनाया।
विद्यालय प्रधानाध्यापिका सरिता मिश्रा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम रूम टू रीड से शिल्पी मिश्रा, शिक्षिका भारतीय जोशी, ज्योति, आरती एवं विद्यालय में उपस्थित डीएलएड स्टूडेंट, शिक्षक, अभिभावक एवं 146 बच्चे उपस्थित रहें।
बृजनन्दन
