अजीत कुमार तिवारी
वाशिंगटन (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की पसंद भारतीय मूल की किरण आहूजा को ऑफिस आफ पर्सनल मैनेजमेंट प्रमुख के पद पर नियुक्ति को सीनेट ने मंजूरी दे दी है। हालांकि उनकी इस नियुक्ति पर अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के वोट की मुहर लगने के बाद ऐसा संभव हो पाया।
किरण आहूजा की नियुक्ति की सीनेट में मंजूरी के लिए हुई वोटिंग में समर्थन और विरोध में 50-50 वोट पड़े। मामले के बाराबर होने पर निर्णायक वोट उपराष्ट्रपति का होता है। ऐसे में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने अपना वोट किरण आहूजा के समर्थन में देकर नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया।
बाइडन प्रशासन में कई भारतीयों को अब तक अहम पदों पर तैनात किया गया है। बाइडन ने एक और भारतवंशी को कार्मिक प्रबंधन कार्यालय का प्रमुख बनाया है। किरण आहूजा मानवाधिकार कार्यकर्ता के साथ एक वकील भी हैं। वह अमेरिका के बीस लाख सिविल सेवा अधिकारियों के प्रबंधन के मामलों को देखेंगी। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला बन गईं। पूर्व राष्ट्रपति ओबामा प्रशासन में किरण करीब छह वर्षों तक एक योजना में कार्यकारी निदेशक थीं।
किरण 2015 से 2017 तक चीफ ऑफ स्टाफ के निदेशक के रूप में काम कर चुकी हैं। किरण नागरिक अधिकारों के मामले देखती थीं। अमेरिका में उनकी छवि तेजतर्रार अधिकारी के तौर पर है। उनके कार्मिक प्रबंधन कार्यालय में प्रमुख के तौर पर तैनाती के बाद माना जा रहा है कि वह ट्रंप की कई नीतियों में बदलाव कर सकती हैं।
