Saturday, February 14, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयअंतरराष्ट्रीय : अमेरिका और यूरोपीय संघ वर्षों पुराने विवाद का हल करने...

अंतरराष्ट्रीय : अमेरिका और यूरोपीय संघ वर्षों पुराने विवाद का हल करने पर राजी, पुतिन से मिलेंगे बाइडेन

ब्रसेल्स (हि.स.)। अमेरिका और यूरोपीय संघ कई वर्षों के अपने व्यापारिक विवाद को हल करने के लिए राजी हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार को विमान निर्माताओं के सब्सिडी के लिए यूरोपीय संघ से विवाद को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की। यह यूएस-ईयू व्यापार संबंधों के लिए बड़ी सफलता है। साथ ही, बाइडेन बुधवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात करेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति मंगलवार को यूरोपीय परिषद के प्रेसीडेंट चा‌र्ल्स माइकल और यूरोपीय कमीशन की प्रेसीडेंट उर्सला वान डेर लेयेन से मुलाकात कर दोनों पक्षों के बीच 17 साल से चल रहे विवाद के समाधान के लिए राजी हो गए। अमेरिका अपनी विमान निर्माता दिग्गज कंपनी बोइंग और यूरोपीय संघ एयरबस के बीच  सरकारी सब्सिडी देने पर सहमति बन गई है।

बाइडेन के इस कदम से दोनों पक्षों के बीच तनाव कम हुआ है। जेनेवा में बुधवार को पुतिन के साथ होने वाली मुलाकात में अमेरिकी पक्ष रखने के लिए बाइडेन को यूरोपीय संघ का समर्थन हासिल करना बहुत जरूरी था।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई ने संवाददाताओं से कहा कि समझौते में विमान शुल्क के पांच साल के निलंबन का आह्वान किया गया है। साथ ही अमेरिका-यूरोप के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यापारिक अड़चनों का समाधान हो गया है।

कैथरीन ने कहा कि हम आपस में लड़ने के बजाय सामूहिक चुनौती से निपटने के लिए एकजुट हो रहे हैं। अभी हमारे लिए चीन से मिल रही आर्थिक चुनौतियों का मुकाबला करना ज्यादा जरूरी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular