भाजपा सरकार ने उप्र को ‘रेप स्टेट’ बना दिया: अखिलेश
लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर हमलावार होते हुए कहा कि पूरा प्रदेश बलात्कार और हत्याओं से थर्रा उठा है। कोई जनपद नहीं बचा है जहां प्रतिदिन दुष्कर्म की घटनाएं न होती हो। नाबालिग छात्राएं डरी-सहमी है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘रेप स्टेट’ बना दिया है।
उन्होंने सोमवार को अपने बयान में कहा है कि हाथरस की मृत बेटी सहित दुष्कर्म की शिकार सभी बेटियों-बहनों को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी ‘न्याय युद्ध’ छेड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। देश के हम सभी परिवार वालों को अपनी बहन-बेटियों की रक्षा के लिए एक साथ आना होगा। तभी सत्ता की अहंकारी नींद टूटेगी।
अखिलेश ने कहा कि बलात्कार के हर मामले में चाहे वह हाथरस हो, बलरामपुर हो या अन्यत्र सरकार को धर्म, जाति, वर्ग वोट व प्रभाव की पक्षपाती राजनीति छोड़ महिला सुरक्षा का संकल्प लेना होगा।
उन्होंने एक बार फिर कहा कि हाथरस दुष्कर्म काण्ड का सच उजागर हो उसके लिए जहां इसकी जांच सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान जज से हो और इससे सम्बन्धित अधिकारियों का नार्को टेस्ट भी होना चाहिए। साथ ही जांच की निष्पक्षता के लिए प्रभावित करने वाले जिलाधिकारी को भी वहां से हटाना चाहिए। वैसे भाजपा की राज्य सरकार से तो जनता का विश्वास ऐसे टूटा है कि लखनऊ में दुष्कर्म की शिकार पीड़ित दूसरे राज्य में केस दर्ज करा रही है। यह कैसी विडम्बना है कि जिसकी साजिश करने में मास्टरी है वही विपक्ष पर साजिश करने का आरोप लगा रहे है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हाथरस काण्ड में कई प्रश्न अनुत्तरित हैं। जांच के महत्वपूर्ण बिन्दु है वे हैं कि रात में शव जलाने को किसने कहा? क्या लखनऊ से फोन गया। एक बड़े अधिकारी ने दुष्कर्म न होने का बयान दिया जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में जख्म होने की बात है। पीड़ित का परिवार लगातार दहशत में क्यों है। कौन उनको मनमाने बयान देने के लिए धमकाता है।