पांच बार के सांसद राजा भैया बने मंत्री
समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा संसदीय सीट से लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर निर्वाचित कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया (58) के राजग सरकार में राज्य मंत्री बनाए जाने पर जिले में खुशी का माहौल है। पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। आजादी के बाद यह दूसरा अवसर है, जब किसी सांसद को भारत सरकार में मंत्री पद मिला है। इससे पूर्व बेनी प्रसाद वर्मा को मनमोहन सिंह की कैबिनेट में इस्पात मंत्री बनाया गया था। समझा जाता है कि हाल ही में सम्पन्न लोकसभा के चुनाव में क्षत्रिय मतदाताओं की नाराजगी को दूर करने के लिए उप्र से उन्हें मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया गया है।
जिले के मनकापुर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले कीर्तिवर्धन सिंह का राजनीति से पुराना सम्बंध है। उनके पिता कुंवर आनंद सिंह 1971 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर गोंडा सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने लगातार 1980, 1984 व 1989 के आम चुनावों में जीत दर्ज करके हैट्रिक लगाई थी। 1991 में राम लहर में वह भाजपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे बृजभूषण शरण सिंह से पराजित हो गए थे। 1996 में भी वह पाला बदलकर सपा के टिकट पर चुनाव लड़े, किंतु इस बार उन्हें बृजभूषण शरण सिंह की पत्नी केतकी देवी सिंह से पराजय का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनावों में लगातार दो बार की पराजय के बाद आनंद सिंह ने अपनी राजनीतिक विरासत इकलौते बेटे कीर्तिवर्धन सिंह को सौंप दी। 1998 में हुए लोकसभा के आम चुनाव में कीर्तिवर्धन सिंह पहली बार सपा के टिकट पर चुनकर लोकसभा पहुंचे। 2004 के आम चुनाव में उन्होंने भाजपा के घनश्याम शुक्ला को पराजित किया। 2009 में वह पाला बदलकर बसपा के टिकट पर लड़े, किंतु कांग्रेस के बेनी प्रसाद वर्मा के हाथों पराजित हो गए। 2014 के मोदी लहर के बाद 2019 में भी वह लगातार दूसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए। 2024 के आम चुनाव में वह सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा की पौत्री श्रेया वर्मा को करीब 46 हजार मतों से पराजित कर हैट्रिक लगाने में कामयाब रहे।
मनकापुर राजघराने के राजा आनंद सिंह और रानी वीणा सिंह के घर एक मार्च 1966 को जन्मे कीर्तिवर्धन सिंह को क्षेत्र के लोग प्यार से ‘राजा भैया’ कहकर बुलाते हैं। वह लखनऊ विश्वविद्यालय से भूविज्ञान में मास्टर ऑफ साइंस के छात्र रहे हैं। 16 नवंबर 2002 को मधुश्री सिंह से उनका विवाह हुआ। उन्हें जयवर्धन सिंह नाम का एक 18 वर्षीय पुत्र है। प्रकृति, पर्यावरण सुरक्षा एवं साहसिक कार्यों को लेकर वह काफी चर्चित रहते हैं। वर्ष 2016 में जिले में अवैध खनन को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन व उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में एक याचिका लगाई थी, जिसका फैसला जुलाई 2018 में उनके पक्ष में आया। कीर्तिवर्धन सिंह जल संवर्धन, पक्षी अभयारण्य आदि के लिए भी लगातार प्रयास करते रहे हैं। आठ अप्रैल 2023 को उन्होंने एक साहसिक कार्य के लिए देश का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया, जब राष्ट्रीय एयरो मॉडलिंग फेलोशिप कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पिंजौर हवाई अड्डे से उनके द्वारा उड़ाए गए एक ग्लाइडर से देश की अनुभवी स्काई डाइवर शीतल महाजन ने छलांग लगाई। इस बड़े आयोजन में किसी मौजूदा सांसद द्वारा संचालित हैंग ग्लाइडर से किसी नागरिक के कूदने का यह पहला उदाहरण था।
यह भी पढें : दोनों सीटें बचाने में कामयाब रही BJP
हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com