Saturday, March 7, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल छठा सोमवार : शिवालयों में भक्तों की कतारें, बम-बम भोले के लग...

 छठा सोमवार : शिवालयों में भक्तों की कतारें, बम-बम भोले के लग रहे जयकारे

– उत्तर प्रदेश के सभी शिव मंदिरों में दर्शन पूजन के चाक-चौबंद व्यवस्थाएं

लखनऊ(हि.स.)। श्रावण मास के छठें सोमवार को उत्तर प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों को सैलाब उमड़ा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के भोर पहर से ही सभी शिवालयों में बम-बम भोले…, हर-हर महादेव… की गूंज से सुनाई दे रही है। हर कोई पहले दर्शन करने को आतुर दिख रहा है।

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, छोटी काशी कानपुर, मीरजापुर, बहराइच, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, गोरखपुर के गोरखनाथ, कुशीनगर स्थित उप ज्योतिर्लिंग कुबेरस्थान आदि जनपदों में शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब दिख रहा है।

लखनऊ के शिव मंदिरों में प्रमुख मनकामेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, कोनेश्वर महादेव गोमती तट, बुद्धेश्वर महादेव, बड़ा शिवाला रानी कटरा आदि में भोर के समय मुख्य पुजारियों द्वारा भगवान शंकर का श्रृंगार पूजन कर भक्तों के दर्शन के लिए पट खोल दिए गए। भक्तों ने दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर भगवान शंकर की पूजा अर्चना कर रहे हैं।

श्रावण मास के छठें सोमवार को देखते हुए शिव मंदिरों में सुरक्षा के जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा रविवार को ही पुख्ता बंदोबस्त कर लिए गए थे। सीसीटीवी कैमरों से भी आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी मंदिरों में संदिग्धों पर निगरानी के लिए लगे हैं। वहीं लोकल इंटेलीजेंस यूनिट के कर्मी भी मंदिरों के आसपास पर नजरें गड़ाये हुए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रदेश के सभी शिव मंदिरों और श्रावण मास में कांवड़ियों के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की हैं। भक्तों को दर्शन पूजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए मंदिरों में बैरीकेटिंग की गई है। भक्तों को कतारबद्ध दर्शन कराए जाने का दौर जारी है।

पंडित रमाकांत तिवारी ने बताया कि यह पहली बार है कि श्रावण मास में अधिक मास होने के चलते आठ सावन के सोमवार का विशेष योग बना है। इसमें भगवान शंकर के शिवलिंग पर दूध, शहद, दही, तिल, गंगा जल, बेलपत्र, धतूरा, कमल का फूल, चंदन आदि से पूजन का व्यक्ति के जीवन में लाभ मिलता। सावन के सभी सोमवार को पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना का भक्त की सभी मनोकामनाओं को पूरा करती हैं। गंगा स्नान कर जो लोग भगवान का जलाभिषेक या दुग्धाभिषेक करते हैं, उनकी भी सभी कामनाएं भगवान शिव पूर्ण करते हैं।

मोहित/डॉ. आमोदकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular