– मंदिर परिसर में लगे सीसी कैमरे तोड़े, ईंट पत्थर भी चलाया
– पुलिस ने शुरु की जाँच पड़ताल, कार्रवाई का भरोसा दिया
गोरखपुर(हि.स.)। जनपद के चौरीचौरा क्षेत्र में गुरुवार की भोर में चोरों ने जमकर तांडव मचाया। हनुमान मंदिर में चोरी करने पहुंचे चोरों ने उस समय पुजारी की जमकर पिटाई की, जब सो रहा पुजारी जग गया और चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाये। इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर में लगे सीसी कैमरों को भी तोड़ा है और ईंट पत्थर भी चलाये हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामला थाना क्षेत्र के सरैया स्थित हनुमान मंदिर का है।
जानकारी के मुताबिक चौरीचौरा थाना क्षेत्र के सरैया स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी प्रतिदिन की भांति बुधवार की रात्रि में भोजन करने के बाद सो गये। गुरुवार की भोर में लगभग 03 बजे कुछ चोर मंदिर में चोरी के नीयत से पहुंचे। इस दौरान पुजारी की आंख खुल गयी और उन्होंने मंदिर का कपाट बन्द कर दिया। इसके बाद खिसियाए चोरों ने पुजारी की जमकर धुनाई शुरू कर दी। उनका गुस्सा इतने पर ही शांत नहीं हुआ। चोरों ने मंदिर परिसर में लगे दो सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े। मंदिर में ईंट पत्थर चलाया और पुजारी को भला बुरा भी कहा। घटना की जानकारी होने पर मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गये। घटना की जानकारी लेने के बाद मंदिर समिति ने डायल 112 और हल्का पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की और केस दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
डॉ. आमोदकांत/मोहित
