Wednesday, March 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेश किसानों की आय दोगुना किये जाने की दिशा में योगी सरकार अग्रसर...

 किसानों की आय दोगुना किये जाने की दिशा में योगी सरकार अग्रसर : स्वतंत्र देव

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को यहां कहा कि योगी सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है और उनकी समस्याओं के प्रति बहुत जागरूक भी है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के लघु एवं सीमांत किसानों को समय से सुनिश्चित एवं नियंत्रित सिंचाई उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराते हुए एवं उनकी कृषि उत्पादकता में वृद्धि करते हुए उनकी आय को दोगुना किए जाने की दिशा में प्रदेश सरकार अग्रसर है।

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आज लघु सिंचाई विभाग मुख्यालय में ‘लघु सिंचाई भवन’ के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। राजधानी में शहीद पथ, मेदांता अस्पताल के सामने स्थित लघु सिंचाई विभाग मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी मौजूद रहे। नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव और सचिव बलकार सिंह समेत विभाग के समस्त वरिष्ठ अधिकारियों की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रही।

जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि लघु एवं सीमान्त किसानों को समय से सिंचाई की सुविधा प्रदान करके ही हम अपने उद्देश्य में सफल हो सकते हैं। किसान अन्नदाता है और प्रदेश के अन्न भण्डारण में उल्लेखनीय वृद्धि उनकी मेहनत से ही सम्भव हो पाई है।

भूजल संवर्द्धन की दिशा में चल रहा निरंतर कार्य : प्रमुख सचिव

नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने प्रदेश के सिंचित क्षेत्रफल में लघु सिंचाई विभाग के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को सुनिश्चित एवं नियंत्रित सिंचाई उपलब्ध कराने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन एवं भूजल संवर्द्धन की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है।

किसानों की आय निश्चित ही दोगुनी होगी : विशेष सचिव

नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश के किसानों की कृषि उत्पादकता में वृद्धि में लघु सिंचाई विभाग का उल्लेखनीय योगदान है और विभाग के निरन्तर प्रयासों से किसानों की आय निश्चित ही दोगुनी होगी। भूगर्भ जल विभाग के निदेशक बीके उपाध्याय ने कहा कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा चेकडैम निर्माण व तालाबों के जीर्णाेद्धार के माध्यम से वर्षा जल संचयन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। फलस्वरूप प्रदेश के अतिदोहित व क्रिटिकल विकासखण्ड की स्थिति में सुधार हुआ है।

लघु सिंचाई भवन

लघु सिंचाई विभाग में विकासखंड स्तर तक विभाग के अवर अभियन्ता एवं बोरिंग टेक्नीशियन के पदस्थ होने, विभाग में 1233 बोरिंग टेक्नीशियन, 1109 सहायक बोरिंग टेक्नीशियन, 1067 अवर अभियंता, 116 सहायक अभियंता, 37 अधिशासी अभियंता एवं 12 अधीक्षण अभियंता के कार्यों के सुचारू रूप से निष्पादन के लिए और किसानों को सिंचन सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यालय स्तर पर लघु सिंचाई विभाग हेतु पृथक भवन की आवश्यकता को देखते हुए लघु सिंचाई भवन का निर्माण कराया जा रहा है।

पीएन द्विवेदी/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular