Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआयुष्मान योजना से जल्द आच्छादित होंगे 63 लाख अतिरिक्त परिवार: स्वास्थ्य मंत्री

आयुष्मान योजना से जल्द आच्छादित होंगे 63 लाख अतिरिक्त परिवार: स्वास्थ्य मंत्री

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन पर संतोष जताते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज जब किसी परिवार में आयुष्मान कार्ड पहुंचता है तो उसके अंदर एक विश्वास पैदा होता है कि अब इलाज की कोई चिंता नहीं करनी है। यह सब संभव हो सका है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता से। तभी तो अब विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करने में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है।इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और साचीज को बहुत-बहुत बधाई।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पांच वर्ष पूरे होने पर आयोजित आयुष्मान संवाद : हेल्थकेयर एक्सलेन्स इन उत्तर प्रदेश कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आयोजन में शामिल निजी अस्पतालों को विश्वास दिलाया कि आपका पैसा नहीं डूबेगा। आप लोग इलाज करें । पैसा मिलने में कुछ देर जरूर हो जाती है लेकिन रिफ़्यूजल के मामले केवल दो प्रतिशत हैं। इसलिए सहयोग करें।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि जहां दुनिया में चंद्रयान 3 की चर्चा है, वहीं यूपी में आयुष्मान की चर्चा है। यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसको लागू करने के मामले में यूपी अव्वल रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज प्रदेश समेत पूरे देश में आयुष्मान दिवस मनाया जा रहा है।

नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद के पॉल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आयुष्मान सिर्फ एक योजना नहीं है। यहाँ यह स्वास्थ्य, समृद्धि और सम्मान का पर्याय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सचीज रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सचीज ने न सिर्फ लोगों को इलाज दिया है बल्कि गुणवत्ता पूर्ण सेवाएं भी सुनिश्चित की हैं। मेरा सुझाव है कि इसकी सभी सेवाओं का प्रचार आवश्यक है। उन्होंने सक्षम अस्पतालों में मातृ शिशु देखभाल मिलना, रेफ़्रेल केयर और जिन मामलों में मरीज को मौत से बचाया जा सकता जैसी सेवाओं के प्रयासों को बढ़ाने पर ज़ोर दिया।

साचिस की सीईओ संगीता सिंह ने कहा कि अब तक तीन करोड़ तीन लाख लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसमें 85.06 लाख लाभार्थी मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 67 % परिवारों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किया जा चुका है।

इस अवसर पर आयोजित पैनल चर्चा में रंजन कुमार सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डॉक्टर अक्षय जैन संयुक्त सचिव राष्ट्रीय हेल्थ अथॉरिटी, बिल एंड मिलेंडा गेट्स फाउंडेशन के कंट्री लीड पब्लिक पॉलिसी एंड फाइनेंस, डिप्टी डाइरेक्टर देवेन्द्र खंडायत, एक्सेस हेल्थ के एशिया प्रसिडेंट डॉक्टर कृष्ण रेड्डी, एडवाइसर डॉक्टर सुधा चंद्रशेखर ने अपनी बात रखी।

बृजनन्दन/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular