Sunday, December 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेशअब तक अजय राय के नेतृत्व में सात सौ लोगों ने थामा...

अब तक अजय राय के नेतृत्व में सात सौ लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अजय राय को 17 अगस्त प्रदेश की कमान मिली। उसके बाद से प्रदेश की मीडिया में एक माहौल बनने लगा। यह मीडिया में बना माहौल कितना धरातल पर उतरेगा, यह तो आने वाला लोकसभा चुनाव ही तय कर सकता है, लेकिन विभिन्न पार्टियों सहित समाज के 686 प्रमुख लोगों को अजय राय ने कांग्रेस की सदस्यता दिलवा चुके हैं।

आज रविवार के दिन पूरे चार माह उनको प्रदेश अध्यक्ष बने हुआ। भाजपा की पृष्ठभूमि से नेता बनकर उभरे अजय राय भाजपा की अधिकांश चालों से भी वाकिफ हैं। यही कारण है कि आज भी वे माथे पर चंदन और शिव का जयकारा लगाना नहीं भुलते। अपने व्यक्तिगत संबंधों को भी वे हमेशा अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए प्रयोग करते हैं। यही कारण रहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जब वह वाराणसी से लखनऊ आये तो दूसरी पार्टी के लोग भी उनके स्वागत में गये थे।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के महज दो सप्ताह बाद ही उन्होंने दूसरी पार्टियों से प्रमुख लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का सिलिसला शुरू कर दिया। इसका परिणाम रहा कि अब तक 686 प्रमुख लोग कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। जिसमें बसपा और सपा दोनों पार्टियों के कई पूर्व विधायक हैं। सपा के कई प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी शामिल हैं। इन्हीं में से शिवपाल यादव के खास और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव भी शामिल हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि इस चार माह में हमने अपने पुराने और नये कार्यकर्ताओं में जोश भरने और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया है। हमारा दायित्व है कि हम कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। आज हर व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ना चाहता है। हम जितना अधिक घरों तक पहुंचेंगे। उतना अधिक लोग हमसे जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के प्रति प्यार भी दिखाया है। आने वाले चुनाव में निश्चय ही जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी। हमारे कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है। सभी लोग घर-घर जाकर लोगों तक कांग्रेस का संदेश और नीतियाें पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश में विपक्ष के रूप में कांग्रेस के प्रति युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम आदमी का रुझान बढ़ा है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं और आम आदमी के हितों की अनदेखी कर रही है। पिछड़ों और दलितों से किए गए वादों पर काम नहीं हुआ। इसीलिए लोग कांग्रेस पार्टी की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं और सदस्यता ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा लगातार देश के जनता के मुद्दों पर संघर्षरत है और सरकार से सवाल कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जनता के मुद्दों पर संघर्ष करते हैं। उनकी बात को प्रमुखता से उठाते हैं। इसलिए अजय राय के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष की रणनीति से उप्र में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

उपेन्द्र/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular