UP NewS : किसानों ने सीखे जीरो बजट गो आधारित प्राकृतिक खेती के गुर

वाराणसी(हि.स.)। सेवापुरी के हाथीबाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को विकास खंड के गांवों के किसानों ने जीरो बजट गो आधारित प्राकृतिक खेती करने का तरीका सीखा। लोक भारती के सहयोग से कृषि विभाग की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में खेती को लाभकारी बनाने के लिए राह भी सुझाया गया। 

कार्यक्रम में लोक भारती के सम्पर्क प्रमुख एवं कृषि समृद्धि आयोग के सदस्य श्रीकृष्ण चौधरी ने बताया कि लगातार अधिक मात्रा में किये जा रहे रसायनिक खादों व कीटनाशकों ,हाइब्रिड बीजों के प्रयोग के कारण भूमि की उर्वरता शक्ति, उत्पादन, भूजल स्तर और मानव स्वास्थ्य मे गिरावट आ रही है। आने वाले समय मे स्थिति और खराब होगी। उन्होंने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए जीरो बजट प्राकृतिक खेती का तरीका अपनाना आवश्यक है।  
पद्मश्री सुभाष पालेकर द्वारा विकसित इस पद्धति की उपयोगिता भी उन्होंने बताया। प्रशिक्षण शिविर में बहराइच जिले से आये सफल प्राकृतिक किसान अनिरुद्ध यादव, अवधराम गिरि, राममगन पाठक, रायबरेली के किसान सत्य प्रकाश मिश्रा व रोषपाल सिंह ने अपने अनुभवों को साझा किया। 
प्रशिक्षण शिविर में गोसाईंपुर, खरगुपुर, सारंगपुर, तेंदुई व प्राथमिक विद्यालय बरेमा में आयोजित जीरो वजट खेती के प्रशिक्षण शिविर में भटौली, हरिहरपुर, हिरामनपुर, जगापट्टी, रामेश्वर आदि गांवों के प्रगतिशील किसानों ने भागीदारी की। शिविर में गो सेवा प्रमुख अरविंद कुमार,गायत्री परिवार के रामशंकर सिंह, हरिओम सेवा संस्थान के अशोक राय, प्रतिभा राय, उप कृषि निदेशक स्मिता वर्मा, जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्य भी शामिल हुए। सेवापुरी विकास खण्ड के 87 गांवों व 12 न्याय पंचायतों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

error: Content is protected !!